
डेस्क। महाराष्ट्र के विदर्भ में यवतमाल के पास चलती मिनी ट्रैवलर बस में आग लग गई। इस दुर्घटना में बाल-बाल 10 यात्रियों की जान बच गई। आग लगते ही ड्राइवर ने सूझ-बूझ दिखाते हुए वाहन को तुरंत रोका। सभी यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बता दें कि वर्धा से नांदेड जा रही एक मिनी ट्रैवलर बस में यवतमाल शहर के पास एयरपोर्ट परिसर में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी मिनी ट्रैवलर बस आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गई। ये घटना बीते शनिवार की बताई जा रही है।
इस अग्निकांड के वायरल वीडियो में दिख रहा है कि लोग किसी तरह वाहन से दूर भाग रहे हैं। एक-दूसरे को आग लगी गाड़ी से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं। इस दौरान, मिनी ट्रैवलर बस धू-धूकर जलती नजर आ रही है। उसमें से निकलता हुआ धुआं आसमान में छा रहा है। ये दृश्य दहलाने वाला है। गनीमत रही कि सभी यात्री तुरंत गाड़ी से उतर आए और कोई भी आग की चपेट में नहीं आया।
जान लें कि आग की चपेट में आए इस वाहन में करीब 10 यात्री सफर कर रहे थे। मिनी ट्रैवलर बस का नंबर महाराष्ट्र का बताया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आग की ये घटना शॉर्ट सर्किट के कारण होने की बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved