
मुरैना। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुरैना (Morena) में रेत माफियाओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। अवैध खनन करने वाले पुलिस पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। ऐसा ही कुछ शनिवार को देखने को मिला जहां गश्त पर निकली पुलिस के वाहन को टक्कर मार दी। दुर्घटना में प्रधान आरक्षक घायल हो गए हैं।
पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो ट्रैक्टर ड्राइवर ने बढाई रफ्तार
दरअसल, दिमनी पुलिस टीम सुबह गश्त करने निकली थी। इसी दौरान बरेथा-चक्रपान का पुरा की तरफ से अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली आ रहे थे। पुलिस ने अवैध रेत के ट्रैक्टर को रोकना चाहा, लेकिन ड्राइवर ने रफ्तार कम नहीं की। ट्रैक्टर को रोकने के लिए पुलिस ने अपनी गाड़ी को सड़क पर लगा दिया।
पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर
रास्ता बंद होने के कारण पकड़े जाने के डर से रेत माफिया ने ट्रैक्टर की स्पीड और बढ़ाते हुए पुलिस वाहन को सामने से टक्कर मार दी। आसपास मौजूद पुलिसकर्मी जान बचाकर इधर-उधर भागे, लेकिन प्रधान आरक्षक सुदामा रजक चपेट में आ गए और घायल हो गया।
प्रधान आरक्षक अस्पताल में भर्ती
उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रेत के ट्रैक्टर-ट्राली ने पुलिस की गाड़ी को इतनी बुरी तरह टक्कर मारी कि अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved