
उज्जैन। कल दोपहर बाद अचानक शहर में तथा जिले में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतारें बढऩे लगी और शाम होते-होते स्थिति यह हो गई कि जो पेट्रोल पंप मुख्य सड़क पर थे वहाँ यातायात जाम हो गया और थाना पुलिस को बल लगाना पड़ा। कल देर रात तक पेट्रोल पंपों पर लाईन लगी हुई थी और स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने मोर्चा संभाला और खाद्य आपूर्ति निगम की मुख्य अधिकारी ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं हैं, अभी उज्जैन में 16 हजार किलो लीटर पेट्रोल का और 25 हजार किलो लीटर डीजल का स्टाक है तथा कमी जैसी कोई बात नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद शहर के वाहन चालकों ने इस बात पर विश्वास नहीं किया तथा आज सुबह भी 6 बजे सभी पंपों पर वाहन खड़े हो गए थे और 11 बजे तक लंबी कतारें देखी जा रही थी। प्रमुख बात यह है कि पेट्रोल पंप वाले दो पहिया वाहनों को 500 रुपए, चार पहिया वाहनों को 2 हजार से अधिक का पेट्रोल नहीं दे रहे हैं। इसी प्रकार डीजल के लिए भी निश्चित सीमा तय कर रखी है।
शहर में कल यह अफवाह भी चलती रही कि उज्जैन में लॉकडाऊन लगने वाला है एवं इसके साथ ही यह बात भी सामने आई कि कल से पेट्रोल डीजल के भाव बढऩे वाले हैं जिसके बाद लंबी कतारें देखी गईं। हालत इतनी विकराल हो गई कि शहर के मध्य स्थित लंगर पेट्रोल पंप, बसावड़ा, हनुमान प्रसाद पेट्रोल पंप, पंजाब पेट्रोल पंप, प्रकाश पेट्रोल पंप, गोल्डन पेट्रोल पंप, नगर निगम के पेट्रोल पंप, ऋषिनगर पेट्रोल पंप सहित आगर रोड स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर सुबह 6 बजे से ही वाहनों की लाईन लगने लग गई थी और सुबह 8 बजे तक सैकड़ों वाहन चालक अपने वाहन लेकर पंपों के बाहर भीड़ लगाकर खड़े नजर आ रहे थे। दो पहिया और चार पहिया वाहनों की भीड़ के कारण सभी जगह सड़क पर जाम लगा हुआ नजर आ रहा था। भीड़ इतनी अनियंत्रित हो गई कि पंप संचालकों ने व्यवसस्था बनाने के लिए पुलिस को बुला लिया। इजरायल-ईरान युद्ध का असर उज्जैन में देखने को मिला। इसके पहले रसोई गैस की किल्लत का मामला तो चल ही रहा था और कल एक अफवाह ने पेट्रोल पंप पर लाइन लगवा दी। हालत यह हुए कि रात में पेट्रोल पंप वालों को पंप बंद करना पड़े। कल दोपहर बाद शहर में ऐसी अफवाह चली कि आने वाले दिनों में पेट्रोल नहीं मिलेगा और इस अफवाह के चलते शहर के सभी पेट्रोल पंप पर लंबी लाईन लग गई। जो लोग 1 लीटर पेट्रोल रोज नहीं भराते थे वह कल फुल टैंक करा रहे थे। इसका असर यह हुआ कि जो पेट्रोल 24 घंटे में बिकता था वह मात्र 4 से 5 घंटे में ही खत्म हो गया। सबसे पहले शहर के नानाखेड़ा एवं इंदौर रोड के पेट्रोल पंप पर स्टॉक खत्म होने का बोर्ड लग गया और इसके बाद दूसरे पेट्रोल पंप भी धीरे-धीरे बंद होने लगे। ऐसे में प्रशासन को कल अपील करना पड़ी कि पेट्रोल का भरपूर स्टॉक है, किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं हैं। कल जिला आपूर्ति खाद्य नियंत्रक शालू वर्मा ने वीडियो जारी करके बताया जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंपों में पर्याप्त मात्रा में डीजल एवं पेट्रोल उपलब्ध है। प्रशासन ने अपील की है कि सभी पेट्रोल पंप नियमानुसार संचालित हो रहे हैं, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दे। एसपी के निर्देश पर सुबह से आज सभी पंपों पर पुलिसकर्मियों को लगा दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved