
इंदौर। लगभग 118 एकड़ में फैले डेली कॉलेज ने अभी तक डायवर्शन टैक्स ही जमा नहीं किया है, जिसके लिए अब पूरे कॉलेज परिसर को नपवाया जा रहा है। प्रशासन ने सीमांकन के लिए दल भी गठित कर दिए हैं और कल यह कार्य किया जाएगा, ताकि टैक्स का निर्धारण एरिया के हिसाब से किया जा सके। दूसरी तरफ सेंटपॉल और अन्य शैक्षणिक संस्थाओं से भी टैक्स लिया जा रहा है। कल भी सेंटपॉल से जुड़े मामले में काफी देर तक एसडीएम घनश्याम धनगर के दफ्तर में चर्चा चलती रही।
एसडीएम धनगर के मुताबिक इन दिनों प्रशासन का पूरा जोर डायवर्शन टैक्स की वसूली पर है, जिसमें बड़े खातेदारों से राशि जमा कराई जा रही है। प्राधिकरण, एमपीआईडीसी, हाउसिंग बोर्ड, एमपीईबी सहित अन्य विभागों से भी राशि ली गई है, तो दूसरी तरफ डेली कॉलेज का सीमांकन भी कराया जा रहा है।
1 करोड़ रुपए से अधिक का टैक्स अनुमानित है। इसी तरह इतनी ही बड़ी राशि सेंटपॉल से भी ली जाना है, वहीं तहसीलदार कमलेश कुशवाह का कहना है कि कलेक्टर के निर्देश पर सीमांकन के लिए दल गठित कर दिया है और कल डेली कॉलेज में सीमांकन का कार्य किया जाएगा। दूसरी तरफ कलेक्टर के निर्देश पर कल एसडीएम ने टिगरिया राव, कनाडिय़ा स्थित स्नेह जी फॉर्म हाउस को भी सील कर दिया। एसडीएम ओमप्रकाश बडक़ुल के मुताबिक यह जमीन हिमालय गृह निर्माण सहकारी संस्था तर्फे विजय मोहनलाल लुंकड़़ के नाम पर है और डायवर्शन टैक्स के रूप में 13.76 लाख रुपए की राशि बकाया है, जो नोटिसों के बावजूद जमा नहीं हुई, जिसके चलते कल तहसीलदार संगीता और पूजा रघुवंशी, राजस्व निरीक्षक तेज सिंह एवं विशाल शर्मा, पटवारी योगेश भार्गव, मोहित पांचाल, लोकेश बेतवा, यश तथा हरीश शर्मा ने सील कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय देयों का समय पर भुगतान नहीं करने पर इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved