गुवाहाटी। हिमंत बिस्वा सरमा (CM Himanta Biswa Sarma) की पत्नी को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद असम की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की पत्नी के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट (Passports of different countries) हैं और विदेशों में संपत्ति भी है। आरोपों के तुरंत बाद सरमा ने पलटवार करते हुए इन्हें राजनीति से प्रेरित बताया।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट हैं। उन्होंने दुबई में संपत्ति और अमेरिका के व्योमिंग में एक कंपनी से जुड़े होने का भी आरोप लगाया।
खेड़ा ने यह भी सवाल उठाया कि क्या इन संपत्तियों का उल्लेख चुनावी हलफनामे में किया गया था और क्या भारत में दोहरी नागरिकता की अनुमति है। साथ ही उन्होंने जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एसआईटी गठित करने की मांग की।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोपों को “दुर्भावनापूर्ण और मनगढ़ंत” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस उनकी “बेचैनी और घबराहट” को दर्शाती है। सरमा ने चेतावनी दी कि वह और उनकी पत्नी 48 घंटे के भीतर मानहानि और आपराधिक मुकदमा दायर करेंगे।
कांग्रेस ने आरोपों के आधार पर सरमा को अयोग्य घोषित करने और जांच की मांग उठाई, जबकि मुख्यमंत्री ने इसे चुनावी माहौल में राजनीतिक हमला बताया।
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं और मामले के कानूनी रूप लेने की संभावना जताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved