
नई दिल्ली। एयर इंडिया (Air India) के एक को-पायलट (Co-pilot) को अमेरिका (America) से डिपोर्ट कर दिया गया है। उसके बैग में गांजा (मैरिजुआना) मिलने के आरोप के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने उसे देश छोड़ने के लिए मजबूर किया। यह पायलट 14 अप्रैल को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को (Delhi to San Francisco) जा रही फ्लाइट (Flight) में स्टाफ ड्यूटी पैसेंजर के तौर पर यात्रा कर रहा था, ताकि वहां से वापसी उड़ान ऑपरेट कर सके। इस प्रक्रिया को एविएशन में ‘पोजिशनिंग’ कहा जाता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैन फ्रांसिस्को पहुंचने पर जांच के दौरान पायलट के बैग से कथित तौर पर गांजा बरामद हुआ। इसके बाद उसे एयरपोर्ट से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। अमेरिकी अधिकारियों ने तुरंत एयर इंडिया को सूचना दी, जिसके बाद उसे अगली उपलब्ध फ्लाइट से भारत वापस भेजने का फैसला लिया गया। एयरलाइन ने इस घटना की जानकारी डीजीसीए को दे दी है। संबंधित पायलट गुरुवार को वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
इस मामले पर एयर इंडिया ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि संबंधित क्रू मेंबर को स्थानीय कानूनों के तहत प्रवेश के लिए अयोग्य पाया गया, जिसके चलते उसे वापस भेजा गया। कंपनी ने दोहराया कि वह किसी भी तरह के नियम उल्लंघन के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाती है और सुरक्षा व पेशेवर मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, पायलट पर गांजा सेवन का आरोप नहीं है, बल्कि यह उसके पास मिलने की बात सामने आई है। गौरतलब है कि कुछ देशों में गांजा सीमित रूप से वैध है, लेकिन भारत में यह पूरी तरह प्रतिबंधित है। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच जारी है और एयरलाइन की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved