कोलंबो। आर्थिक मोर्चे (Economic Front) पर धीरे-धीरे संभल रहे श्रीलंका (Sri Lanka) के लिए एक नई मुश्किल सामने आ गई है। कर्ज की किस्त चुकाने के दौरान सरकारी सिस्टम में सेंध लगाकर साइबर अपराधियों (cyber criminals) ने करीब 25 लाख डॉलर की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। मामला उजागर होने के बाद सरकार ने इस चूक को स्वीकार किया है और रकम वापस लाने की कोशिश जारी है।
श्रीलंकाई वित्त मंत्रालय के सचिव हर्षाना सुप्रियाप्पेरुमा ने बताया कि यह पूरी घटना ईमेल हैकिंग के जरिए हुई। उन्होंने कहा कि जनवरी में ही संकेत मिल गए थे कि साइबर अपराधी मंत्रालय के एक्सटर्नल रिसोर्सेज डिपार्टमेंट के सिस्टम में घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद जिन देशों को भुगतान किया जाना था, उनसे संपर्क कर स्थिति संभालने की कोशिश की गई।
ऑस्ट्रेलिया को जाना था पैसा, हैकर के खाते में पहुंचा
रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया से लिए गए करीब 2.29 करोड़ डॉलर के कर्ज की अदायगी के तहत दिसंबर की एक किस्त भेजी गई थी। इसी दौरान 25 लाख डॉलर की रकम सही खाते में जाने के बजाय हैकर के बैंक अकाउंट में चली गई।
ऑस्ट्रेलिया भी सतर्क, जांच जारी
इस मामले पर ऑस्ट्रेलिया के उच्चायोग ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी है और वे श्रीलंकाई अधिकारियों के साथ मिलकर समाधान पर काम कर रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और खोई हुई रकम को वापस पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आर्थिक संकट से उबरने की राह पर चल रहे श्रीलंका के लिए यह साइबर सेंध एक बड़ा झटका माना जा रहा है, जिसने सरकारी डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved