
डेस्क: माइक्रोसॉफ्ट ने आखिरकार विंडोज यूजर्स की सबसे बड़ी परेशानी का समाधान कर दिया है. अब आपका कंप्यूटर बिना पूछे अचानक अपडेट इंस्टॉल नहीं करेगा. कंपनी ने Windows Update को लेकर नया फीचर पेश किया है, जिससे यूजर्स को पहले से कहीं ज्यादा कंट्रोल मिलेगा. अब आप Windows Updates को 35 दिनों तक रोक सकेंगे. सबसे खास बात यह है कि इस अवधि को बार-बार बढ़ाया जा सकता है. यानी जब तक आप चाहें, अपडेट को टाल सकते हैं. यह फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, जो काम के बीच अचानक अपडेट से परेशान रहते हैं.
माइक्रोसॉफ्ट ने Windows Update में नया Pause फीचर जोड़ा है. अब यूजर्स को एक कैलेंडर इंटरफेस मिलेगा, जहां वे अपनी पसंद की तारीख चुनकर अपडेट रोक सकते हैं. यह अवधि अधिकतम 35 दिनों की होगी. खास बात यह है कि 35 दिन पूरे होने के बाद आप इसे फिर से 35 दिनों के लिए बढ़ा सकते हैं. कंपनी ने इस एक्सटेंशन पर कोई सीमा नहीं रखी है. यानी आप चाहें तो Windows Updates को अनिश्चित समय तक टाल सकते हैं. हालांकि, अगर आप समय रहते दोबारा Pause नहीं करते, तो अपडेट सामान्य रूप से शुरू हो जाएंगे.
Windows यूजर्स की एक बड़ी शिकायत यह थी कि अपडेट आने पर सिस्टम अक्सर मजबूरन Update and Restart या Update and Shut Down का विकल्प दिखाता था. माइक्रोसॉफ्ट ने इस समस्या को भी दूर कर दिया है. अब पावर मेन्यू में सामान्य Restart और Shut Down के विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे. अगर आप इनमें से कोई विकल्प चुनते हैं, तो कंप्यूटर बिना अपडेट इंस्टॉल किए वही काम करेगा. इससे जरूरी मीटिंग, प्रेजेंटेशन या अन्य महत्वपूर्ण काम के दौरान कोई रुकावट नहीं आएगी.
माइक्रोसॉफ्ट ने फिलहाल इस फीचर को Windows Insider Dev Channel और Experimental Channel के यूजर्स के लिए रोलआउट करना शुरू किया है. इसके अलावा, कंपनी ने Out of Box Experience यानी नए पीसी सेटअप के दौरान भी अपडेट स्किप करने का विकल्प दिया है. साथ ही, ड्राइवर अपडेट्स में अब ज्यादा स्पष्ट जानकारी दिखाई जाएगी, जिससे यूजर्स आसानी से समझ पाएंगे कि अपडेट डिस्प्ले, ऑडियो, बैटरी या किसी अन्य हार्डवेयर के लिए है. आने वाले समय में यह फीचर सभी Windows यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved