
मुम्बई। महाराष्ट्र (Maharashtra) की राजधानी मुंबई (Mumbai) के उपनगरीय इलाके मीरा रोड में दो सिक्योरिटी गार्ड्स पर हमले (Mira Road Attack) से पूरे देश में सनसनी फैली हुई है। जानकारी के मुताबिक आरोपी जुबैर अंसारी (Zubair Ansari) ने दोनों से कलमा पढ़ने को कहा और जब उन दोनों ने ऐसा करने से मना कर दिया तो उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) का अब बयान सामने आया है। उन्होंने दो टूक कहा कि यह घटना ‘सेल्फ-रेडिकलाइजेशन’ का मामला लगता है। उन्होंने यह भी कहा कि शख्स का निशाना हिंदू थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, फडणवीस ने एक बयान में कहा, “यह सेल्फ-रेडिकलाइजेशन का मामला है क्योंकि आरोपी के घर से कुछ किताबें और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई हैं। वह अमेरिका में रहता था और हाल ही में भारत लौटा था। शुरुआती जांच से पता चला है कि जुबैर एक कट्टरपंथी बन गया था और जिहाद के नाम पर हिंदू समुदाय के लोगों को मारना चाहता था। इसीलिए उसने इस घटना को अंजाम दिया।”
NIA करेगी जांच
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कई एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं, और यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या इसमें कोई बड़ा नेटवर्क शामिल था। उन्होंने कहा, “इस मामले की जांच फिलहाल एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड और नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी, NIA कर रही हैं, और राज्य सरकार इन एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रही है। जांच का दायरा सिर्फ आरोपियों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उसके नेटवर्क का भी पता लगाया जाएगा। किसी भी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी।”
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे मीरा रोड ईस्ट में हुई। यहां दोनों गार्ड, राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन, एक निर्माणाधीन इमारत में ड्यूटी पर थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी जुबैर अंसारी तब उस इलाके में ही था। जुबैर ने जब उन्हें देखा तो उनसे उनके नाम और धर्म के बारे में पूछने लगा। फिर आरोपी ने उन्हें कलमा पढ़ने को कहा। जब गार्ड ने मना कर दिया तब उसने कथित तौर पर एक चाकू निकाला और उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गार्ड्स को गंभीर चोटें आई हैं और इलाज जारी है।
पकड़ा गया जुबैर
पुलिस ने आरोपी 31 साल के जैब जुबैर अंसारी को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान, पुलिस को पता चला है कि अंसारी इंटरनेट पर ISIS से जुड़े प्रोपेगैंडा वीडियो बार-बार देखता था। इससे पहले अंसारी ने 2019 तक अमेरिका में पढ़ाई की थी और हाल ही में वह भारत लौटा था। वह मीरा रोड में किराए के मकान में अकेला रहता था। पुलिस को यह भी पता चला कि उसके मकान मालिक ने कथित तौर पर उससे 5 मई तक किराए का फ्लैट खाली करने को कहा था। पुलिस को हमलावर के पास से कुछ आपत्तिजनक चीजें भी मिली हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved