
इंदौर। नगर निगम की टीमों ने मल्हारगंज से लेकर एरोड्रम क्षेत्र के कई इलाकों में आज सुबह विशेष सफाई अभियान गली-मोहल्लों में चलाया। साथ ही मच्छरनाशक दवाइयों का छिडक़ाव भी किया गया। पिछले कई दिनों से अलग-अलग इलाकों से सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिल रही थीं।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक स्वास्थ विभाग की टीमें शहर में गर्मियों के चलते सफाई अभियान जोर-शोर से चला रही हैं, ताकि कचरा और गंदगी के कारण लोग परेशान न हों और बीमारियां न फैलें। पिछले दिनों विधानसभा 1 के मामलों को लेकर निगम अफसरों की बैठक में कई पार्षदों ने मुद्दा उठाया था कि उनके वार्डों की गलियों में सफाई अभियान नहीं चलाए जा रहे हैं, जिसके कारण लोग परेशान हो रहे हैं। इसी के चलते आज सुबह निगम की टीमों ने एरोड्रम और मल्हारगंज क्षेत्र के कई इलाकों में तंग गलियों में सफाई अभियान चलाया।
निगम सफाई कर्मचारियों की टीम के साथ-साथ एनजीओ की टीमें भी मौजूद थीं। गलियों में साफ-सफाई के बाद मच्छरनाशक दवाइयों के साथ-साथ कई ड्रेनेज लाइनों के आसपास चूना बिछाया गया। अफसरों का कहना है कि पूरे विधानसभा क्षेत्र 1 के कई वार्डों में यह अभियान शुरू किया गया है और यह लगातार जारी रहेगा। अब तक निगम की टीमें मुख्य मार्गों पर सफाई अभियान चलाती हैं, लेकिन कई बार गली-मोहल्लों में यह अभियान नहीं चल पाता है। पूरे सात दिनों तक अलग-अलग वार्डों में पार्षदों से समन्वय कर निगम की टीमें यह अभियान सतत रूप से जारी रखेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved