
इंदौर। इंदौर में 15 नवंबर को सी-21 मॉल के पीछे स्थित मैदान पर लोकप्रिय गायक दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। आयोजन को लेकर पुलिस और प्रशासन सुरक्षा के तमाम पहलुओं पर सतर्कता बरत रहे हैं। खास बात यह है कि शहर में स्कूलों सहित अलग-अलग स्थानों पर मिल रहे धमकी भरे ई-मेल के बीच इस बड़े आयोजन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आयोजनकर्ताओं ने अभी तक औपचारिक अनुमति नहीं मांगी है। वहीं महापौर ने इंदौर को इवेंट्स का हब बताते हुए सुरक्षा एजेंसियों पर भरोसा जताया है।
दरअसल, आयोजनकर्ताओं की ओर से आज अनुमति के लिए औपचारिक पत्र दिए जाने की संभावना है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक पहलुओं की समीक्षा करेंगे और उसी आधार पर अनुमति को लेकर निर्णय लिया जाएगा। वहीं, शहर में लगातार मिल रहे धमकी भरे ई-मेल की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। मेल हेडर और आईपी एड्रेस की तकनीकी जांच के जरिए ई-मेल भेजने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, महापौर ने कहा कि मध्य प्रदेश की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मजबूत हैं और इस तरह की धमकियों से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर तेजी से इवेंट्स का हब बन रहा है और ऐसे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन नियमों और आवश्यक अनुमतियों के तहत पूरा सहयोग कर रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved