
इंदौर। इंदौर (Indore) में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी विजयनगर थाना क्षेत्र में देखने को मिली। यहाँ कुछ बदमाशों ने एक युवक को सिर्फ इसलिए लहूलुहान कर दिया क्योंकि उसने अपने दोस्त के ठिकाने की जानकारी होने से मना कर दिया था। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुँच गया।
घटना विजयनगर के बड़ी भमोरी क्षेत्र की है। फरियादी कुलदीप लश्करी को आरोपी सार्थक और उसके साथियों ने रास्ते में घेर लिया। बदमाश कुलदीप के दोस्त शिव के बारे में पूछताछ कर रहे थे। जब कुलदीप ने कहा कि उसे शिव के बारे में कोई जानकारी नहीं है, तो आरोपी सार्थक भड़क गया और सरेआम गाली-गलौज करने लगा।
कुलदीप ने जब गालियों का विरोध किया, तो सार्थक ने अपनी कमर से धारदार चाकू निकाला और कुलदीप की जांघ पर दे मारा। हमले के बाद कुलदीप वहीं गिर पड़ा और बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस ने आरोपी सार्थक और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved