
इंदौर। शहर (Indore) में एक बार फिर छात्रों के होस्टल (Hostels) और रूम (Rooms) से मोबाइल (Mobiles) और लैपटॉप (Laptops ) उड़ाने वाली गैंग (Gang ) सक्रिय हो गई है। पिछले माह लसूड़िया थाना क्षेत्र में तीन वारदातें सामने आई हैं। इस गैंग ने लसूड़िया के अलावा भंवरकुआं सहित विजयनगर और पलासिया इलाके में सबसे ज्यादा वारदातें की हैं, क्योंकि यहां होस्टलर्स रहते हैं और गैंग के बदमाशों को अच्छी तरह पता है कि छात्र लापरवाहीपूर्वक दरवाजा खुला छोड़ देते हैं और इसी का फायदा उठाकर यह वारदातें करते हैं।
शहर में कुछ सालों से साउथ की गैंग सक्रिय है। ऐसी दो गैंग पहले क्राइम ब्रांच और भंवरकुआं पुलिस पकड़ भी चुकी है, लेकिन एक बार फिर ऐसी ही गैंग शहर में सक्रिय है। बताते हैं कि पिछले माह लसूड़िया थाना क्षेत्र में तीन मामले सामने आए हैं, जिसमें लैपटॉप और मोबाइल चोरी हुए। ये गैंग ऐसे फ्लैट और होस्टल के कमरों को अलसुबह निशाना बनाती है, जहां छात्र देर रात तक पढ़ाई करते हैं। इस दौरान उनके कमरे खुले रहते हैं और गैंग वहां हाथ साफ कर देती है। ये गैंग प्रमुख रूप चार थानों में टारगेट करती है, क्योंकि यहां सबसे अधिक छात्र और होस्टल हैं। इनमें प्रमुख रूप से भंवरकुआं, लसूड़िया, विजयनगर और पलासिया थाना हैं। यहां बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं। इन सभी स्थानों पर आए दिन इस तरह की वारदातें सामने आती हैं। पुलिस को एक बार फिर साउथ की ही गैंग पर शक है।