
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने कहा कि भ्रष्ट भाजपा शासन (Corrupt BJP Rule) ने लाखों विद्यार्थियों के सपनों को कुचल दिया (Has crushed the Dreams of Millions of Students) ।
नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने पर अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक भावुक और कड़ा संदेश साझा करते हुए उन्होंने इस स्थिति को युवाओं के भविष्य के खिलाफ एक “अपराध” करार दिया है। राहुल गांधी ने उन लाखों परिवारों के संघर्ष को रेखांकित किया जो अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने का सपना देखते हैं। उन्होंने लिखा-“किसी पिता ने कर्ज लिया, तो किसी मां ने अपने गहने बेच दिए, ताकि उनका बच्चा पढ़ सके।”
कांग्रेस नेता ने सीधे तौर पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों की मेहनत, बलिदान और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपा शासन ने कुचल दिया है। विद्यार्थियों को मेहनत के बदले केवल पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार “पेपर माफिया” साफ बच निकलता है, जबकि सजा ईमानदार छात्रों को भुगतनी पड़ती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अमृत काल’ विजन पर प्रहार करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृत काल देश के लिए जहर काल में बदल गया है।” उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी का भाग्य कड़ी मेहनत के बजाय पैसे और रसूख से तय होगा, तो शिक्षा का क्या अर्थ रह जाएगा? राहुल गांधी ने चिंता जताई कि परीक्षा रद्द होने से अब लाखों विद्यार्थी एक बार फिर मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और भविष्य की अनिश्चितता के दौर से गुजरेंगे। उन्होंने इस विफलता को केवल सिस्टम की चूक नहीं, बल्कि युवाओं के खिलाफ एक साजिश बताया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved