
नई दिल्ली: ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी (Britain’s Maritime Security Agency) यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने गुरुवार को बताया कि उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह बंदरगाह से 38 नॉटिकल मील (करीब 70 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में एक घटना की सूचना मिली है. एजेंसी के मुताबिक, लंगर डाले खड़े एक जहाज पर अनधिकृत लोगों ने कब्जा कर लिया और अब उसे ईरानी समंदर की ओर ले जाया जा रहा है. जहाज के नाम को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
होर्मुज के पास में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब भारत ने गुरुवार को कहा कि बुधवार को ओमान तट के पास भारतीय झंडे वाले एक जहाज पर हमला हुआ था, हालांकि जहाज पर सवार सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं. भारत के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, ‘यह हमला अस्वीकार्य है और हम इस बात की निंदा करते हैं कि कमर्शियल जहाजों और नागरिक नाविकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है.’
मवेशियों को ले जा रहा था भारतीय जहाज
गुजरात का कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ बुधवार को ओमान तट के पास संदिग्ध ड्रोन हमले के बाद समुद्र में डूब गया. अधिकारियों के मुताबिक, जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय क्रू के लोगों को ओमान प्रशासन ने सुरक्षित बचा लिया. देवभूमि द्वारका जिले के सलाया पोर्ट में पंजीकृत यह जहाज सोमालिया से शारजाह जा रहा था और इसमें मवेशी लदे हुए थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे जहाज ओमान के उत्तरी तट के पास लीमा इलाके से गुजर रहा था, तभी उस पर किसी अज्ञात विस्फोटक चीज से हमला हुआ. माना जा रहा है कि यह ड्रोन या मिसाइल हमला हो सकता है. हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वो समुद्र में डूब गया.
हमले के बाद चालक दल ने तुरंत संकट का संदेश भेजा और लाइफबोट के जरिए जहाज खाली कर दिया. जहाज पर एक सुपरवाइजर समेत कुल 14 लोग सवार थे. ओमान कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी नाविकों को सुरक्षित डीबा पोर्ट पहुंचाया. जहाज के मालिक सुल्तान अहमद संघार ने भी पुष्टि की कि सभी लोग सुरक्षित हैं. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि जहाज पर हमला किसने किया.
चीनी सुपरटैंकर पर भी होर्मुज स्ट्रेट में हुआ हमला
इस बीच, एक चीनी सुपरटैंकर ने बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट को पार किया. जहाजों की ट्रैकिंग करने वाली एजेंसियों LSEG (London Stock Exchange Group) और केप्लर के आंकड़ों के अनुसार, यह टैंकर दो महीने से ज्यादा समय तक खाड़ी क्षेत्र में फंसा हुआ था. ‘युआन हुआ हू’ नाम का यह विशाल क्रूड ऑयल टैंकर फिलहाल ओमान की खाड़ी के पास लंगर डाले हुए है. ये वही इलाका है जहां अमेरिकी नौसेना ने ईरानी जहाजों के खिलाफ नाकेबंदी जैसी व्यवस्था कर रखी है.
चीनी जहाज की ये यात्रा ऐसे वक्त में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग गुरुवार को बीजिंग में मुलाकात कर रहे थे. इससे पहले पिछले हफ्ते ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची भी चीन गए थे. जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, फरवरी के आखिर में शुरू हुए अमेरिका-इजरायल और ईरान संघर्ष के बाद से यह तीसरी बार है, जब किसी चीनी तेल टैंकर ने होर्मुज स्ट्रेट को पार किया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved