नई दिल्ली। केरलम (Kerala CM) में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर जारी सस्पेंस अब अंतिम दौर में पहुंचता दिख रहा है। विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बावजूद कांग्रेस (Indian National Congress) अब तक मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति नहीं बना पाई है। इस बीच पार्टी सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने दिल्ली में केरल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक कर पूरे विवाद की समीक्षा की।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने बैठक में खास तौर पर सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर चल रही “वेणुगोपाल बनाम सतीशन” की खींचतान पर सवाल उठाए। उन्होंने नेताओं से पूछा कि यह अभियान स्वाभाविक रूप से चल रहा है या फिर इसे संगठित तरीके से हवा दी जा रही है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में K. C. Venugopal और V. D. Satheesan सबसे आगे माने जा रहे हैं। दोनों नेताओं के समर्थक सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक अपने-अपने नेता के समर्थन में माहौल बनाने में जुटे हैं।
140 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन को 102 सीटों की बड़ी जीत मिली, लेकिन चुनाव परिणाम आने के 8 दिन बाद भी मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं हो पाया। इससे पार्टी के भीतर बेचैनी बढ़ने लगी है और विपक्ष भी कांग्रेस पर सवाल उठा रहा है।
Sunny Joseph ने भी माना कि फैसले में हो रही देरी से गठबंधन की बड़ी जीत की चमक फीकी पड़ रही है। वहीं वरिष्ठ नेता K. Muraleedharan ने संकेत दिया है कि अगले 24 घंटे में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है।
मुख्यमंत्री पद की इस दौड़ में वेणुगोपाल और सतीशन के अलावा Ramesh Chennithala का नाम भी चर्चा में है। हालांकि मौजूदा समीकरणों में वेणुगोपाल को विधायकों का मजबूत समर्थन मिलने की बात कही जा रही है। सूत्रों का दावा है कि 50 से अधिक विधायक उनके पक्ष में हैं।
दूसरी ओर सतीशन को पार्टी कार्यकर्ताओं और आम समर्थकों के बीच लोकप्रिय माना जा रहा है। Pinarayi Vijayan सरकार के खिलाफ विपक्ष के नेता के तौर पर उनके आक्रामक तेवरों ने उन्हें मजबूत दावेदार बना दिया है।
यूडीएफ के सहयोगी दल भी मुख्यमंत्री चयन में हो रही देरी से असहज नजर आ रहे हैं। गठबंधन नेताओं का मानना है कि जल्द फैसला नहीं हुआ तो इसका राजनीतिक संदेश गलत जा सकता है।
अब सबकी नजर कांग्रेस हाईकमान पर टिकी है, जहां अगले 48 घंटों में केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved