
इन्दौर। नावदापंथ ब्रिज (Navadapath Bridge) के पास मेट्रो कॉलोनी (Metro Colony) में आज सुबह प्लास्टिक दाना फैक्ट्री (Plastic Granule Factory) में आग (Fire Breaks Out) लग गई, जिसका धुआं पास के चोइथराम नेत्रालय अस्पताल में घुस गया, जिससे मरीजों में हडक़म्प मच गया। रहवासियों का आरोप है कि यह फैक्ट्री लीज की जमीन पर बनी हुई है और यह जानकारी भी सामने आई है कि फैक्ट्री अवैध है।
फैक्ट्री में लगी इस आग ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। उधर फायर ब्रिगेड सूचना के बावजूद भी समय पर नहीं पहुंची, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया। इसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, वहीं पास के चोइथराम नेत्रालय में भी घुस गया, जिससे मरीज और वहां पढऩे वाले छात्र इधर-उधर भागते हुए नजर आए। जलसंकट के चलते फायर ब्रिगेड को पानी भी दूर लाना पड़ा और बुझाने के कार्य को बीच-बीच में रोकना पड़ा। बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर फैक्ट्री बनी है, वह पोल्ट्री फार्म के लिए लीज पर दी गई जमीन पर बनी हुई है। लीज वाले व्यक्ति ने ही फैक्ट्री वाले को यह जमीन बेची है। यह भी बात सामने आई है कि आग ने पास के एक बड़े गोदाम को भी चपेट में ले लिया था। बीते समय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी फैक्ट्री की शिकायत की गई थी, जिसके बाद फैक्ट्री को कुछ समय के लिए सील किया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद ही फैक्ट्री फिर से चालू हो गई, जहां आग लगी, उसके आसपास भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फायर विभाग या अन्य सरकारी विभागों की अनुमतियों के बिना कई फैक्ट्रियां चल रही हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved