
नई दिल्ली । Google अकाउंट पर मिलने वाली मुफ्त 15GB स्टोरेज को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया (Social Media) और टेक जगत में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कुछ नए यूजर्स को सिर्फ 5GB फ्री स्टोरेज (Free Storage) ऑफर की जा रही है। अब इस मामले पर गूगल ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है।
टेक वेबसाइट एंड्रॉयड अथॉरिटी को दिए बयान में गूगल के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी फिलहाल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में नई स्टोरेज पॉलिसी की टेस्टिंग कर रही है। इसका उद्देश्य यूजर्स को बेहतर स्टोरेज क्वालिटी, मजबूत अकाउंट सिक्योरिटी और बेहतर डेटा रिकवरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
गूगल के मुताबिक, यह परीक्षण केवल कुछ नए अकाउंट्स पर किया जा रहा है। हालांकि कंपनी ने उन क्षेत्रों का खुलासा नहीं किया है, जहां यह टेस्टिंग चल रही है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुराने यूजर्स को पहले की तरह Gmail, Google Drive और Google Photos के लिए 15GB फ्री स्टोरेज मिलती रहेगी। खासतौर पर जिन अकाउंट्स में मोबाइल नंबर लिंक है, उन्हें किसी बदलाव का असर नहीं पड़ेगा।
इसी बीच गूगल ने अपने सपोर्ट पेज की भाषा में भी बदलाव किया है। पहले वहां लिखा था कि हर Google अकाउंट में 15GB स्टोरेज शामिल है, लेकिन अब इसे बदलकर “अधिकतम 15GB तक स्टोरेज” कर दिया गया है। इसके बाद ही नई अटकलों ने जोर पकड़ा था।
दरअसल, कुछ दिन पहले कई यूजर्स ने दावा किया था कि नया Google अकाउंट बनाते समय उन्हें केवल 5GB फ्री स्टोरेज दिखाई दी। बाद में मोबाइल नंबर वेरिफाई करने के बाद 15GB स्टोरेज देने का संदेश मिला। इसी के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि गूगल अपनी फ्री स्टोरेज लिमिट घटाने जा रहा है।
हालांकि कंपनी के ताजा बयान के बाद साफ हो गया है कि फिलहाल 15GB फ्री स्टोरेज पूरी तरह खत्म नहीं की जा रही, बल्कि यह सिर्फ सीमित स्तर पर की जा रही एक टेस्टिंग प्रक्रिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved