
निवाड़ी । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के निवाड़ी जिले (Niwari District) के सियाखास गांव में 10वीं कक्षा की एक 16 साल की दलित छात्रा (Dalit Student) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दो दिन पहले मंदिर से लौटते समय गांव के ही अभिषेक यादव नाम के युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और 3 अन्य लोगों के खिलाफ पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पक्ष की ओर से पीड़िता के परिवार पर शिकायत वापस लेने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे डरकर और मानसिक तनाव में आकर छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
फंदे से लटककर दी जान
पृथ्वीपुर थाने के प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर सियाखास गांव में 16 वर्षीय दलित लड़की ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। लड़की 10वीं कक्षा की छात्रा थी। उसने एक एक आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था।
गलत इरादे से पकड़ा
पुलिस अधिकारी ने कहा कि 2 दिन पहले अपनी भाभी के साथ एक मंदिर से घर लौट रही लड़की को उसी गांव के एक युवक अभिषेक यादव ने कथित तौर पर गलत इरादे से पकड़ लिया था। इसके बाद उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी। शिकायत के बाद आरोपी और तीन अन्य के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी पक्ष की ओर से दबाव बनाने का आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पक्ष की ओर से कथित तौर पर लड़की के परिवार पर मामला वापस लेने के लिए दबाव डाला गया। संभवतः आरोपी पक्ष के डर एवं दबाव के कारण लड़की ने आत्महत्या कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नाबालिग आदिवासी लड़की से रिसोर्ट में रेप
वहीं सिवनी जिले में एक नाबालिग आदिवासी लड़की को रिसोर्ट में बुलाकर बीयर पिलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बरघाट के पुलिस अधिकारी ललित गठरे ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात पेंच टाइगर रिजर्व के कर्माझिरी गेट रास्ते पर सुकतरा के पास बने एक रिसोर्ट में हुई। रिसोर्ट मालिक के बेटे अंकित ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर लड़की को बुलाया और उसके साथ गलत काम किया।
पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी अंकित की इस लड़की से करीब दो महीने पहले पहचान हुई थी। लड़की की शिकायत पर अंकित सनोड़िया और उसके दो दोस्तों को पकड़कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। कुरई थाना पुलिस इस मामले की पूरी जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved