
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी (Indian Cricket Player) विजय शंकर (Vijay Shankar) जिनको 3D प्लेयर के तौर पर भी पहचाना जाता है उन्होंने 22 मई को अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। विजय शंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपने रिटायरमेंट की जानकारी फैंस को दी जिसमें उन्होंने ये साफ किया की वह आईपीएल और घरेलू क्रिकेट को भी अलविदा कह रहे हैं। विजय शंकर ने साल 2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, जिसमें वह साल 2019 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में भी भारतीय स्क्वाड का हिस्सा रहे थे। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में विजय शंकर ने अपने दर्द को भी बयां किया।
मैंने नए अवसरों की तलाश में लिया रिटायरमेंट का फैसला
विजय शंकर ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट शेयर किया है उसमें उन्होंने लिखा कि क्रिकेट मेरा जीवन है जिसमें मैंने 10 साल की उम्र से इसे खेलना किया था और 25 साल बाद मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे हर उस स्तर पर खेलने का मौका मिला जिसका सभी सपना देखते हैं। मैंने घरेलू और आईपीएल दोनों से रिटायरमेंट का भी फैसला लिया है ताकि मैं इस खेल में नए अवसरों की तलाश कर सकूं।
देश की तरफ से खेलना मेरे लिए सबसे खुशी के पलों में एक रहा है। आप सभी की तरफ से मुझे जो प्यार मिला है उसका मैं हमेशा आभारी रहूंगा। मैं इस मौके पर बीसीसीआई, अपने सभी कोच, सपोर्ट स्टाफ, फीजियो और ट्रेनर के अलावा उन सभी लोगों का धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने मेरी इस क्रिकेट जर्नी में योगदान दिया है।
ऐसा रहा है विजय शंकर का करियर
वनडे वर्ल्ड कप 2019 में जब विजय शंकर का टीम इंडिया की स्क्वाड में चयन हुआ था तो उसको लेकर उस समय के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। इसके बाद विजय शंकर को जब पाकिस्तान के खिलाफ उस वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिला तो उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया था। विजय शंकर के करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 12 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इसमें 12 वनडे मैचों में उन्होंने 31.85 के औसत से जहां 223 रन बनाए हैं तो वहीं 4 विकेट लेने में कामयाब रहे। टी20 इंटरनेशनल में विजय शंकर ने 9 मैचों में खेलते हुए 25.25 के औसत से 101 रन बनाए और 5 विकेट हासिल किए।
आईपीएल में विजय शंकर को चार टीमों की तरफ से खेलने का मौका मिला जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का नाम शामिल है। विजय शंकर ने आईपीएल में कुल 78 मैचों में खेलते हुए जहां 1233 रन बनाए तो वहीं 9 विकेट हासिल किए।
घरेलू क्रिकेट में विजय शंकर ने तमिलनाडु टीम की तरफ से खेला है और उसमें उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुल 77 मैचों में खेलते हुए जहां 46.73 के औसत से कुल 4253 रन बनाए जिसमें 13 शतकीय और 23 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। वहीं विजय शंकर ने गेंदबाजी में 56.60 के औसत से 43 विकेट हासिल किए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved