
इंदौर। इंदौर की राऊ थाना पुलिस ने महज कुछ घंटों में अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए अपहृत अनाज व्यापारी को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली गई है।
मामला राऊ थाना क्षेत्र का है, जहां 25 मई की शाम एक अनाज व्यापारी का पीथमपुर रोड स्थित वाइन शॉप के पास से अपहरण कर लिया गया था। फरियादिया के मुताबिक 4 से 5 बदमाश कार में सवार होकर आए और व्यापारी के साथ मारपीट करते हुए जबरन कार में बैठाकर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राऊ निरीक्षक राजपाल सिंह राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तत्काल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की कार को ट्रैक किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ग्राम नागपुर सांवेर पहुंची, जहां घेराबंदी कर अपहृत व्यापारी सूरज लववंशी को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित मुक्त कराया गया। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मामला जमीन विवाद और आपसी लेनदेन से जुड़ा हुआ है। राऊ थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश पटेल, जितेंद्र पटेल, सुमित पटेल और गब्बर उर्फ सुनील पटेल शामिल हैं, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस पूरी कार्रवाई में राऊ थाना पुलिस और साइबर टीम की भूमिका को सराहनीय माना जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved