
इंदौर। इंदौर से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए आज से उड़ानों के विकल्प कम हो गए हैं। एयर इंडिया ने आज 1 जून से इंदौर-दिल्ली रूट पर अपनी चार उड़ानें बंद कर दी हैं। इनमें दिल्ली से इंदौर आने वाली दो और इंदौर से दिल्ली जाने वाली दो उड़ानें शामिल हैं। कंपनी ने इन उड़ानों की बुकिंग पहले ही बंद कर दी थी और आज से ये उड़ानें संचालन से बाहर हो गई हैं।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक बंद की गई उड़ानों में सुबह और दोपहर की फ्लाइट्स शामिल हैं, जिससे यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है। खासतौर पर बिजनेस ट्रैवलर्स और कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों के लिए विकल्प सीमित हो गए हैं। एयरइंडिया अब तक इंदौर से दिल्ली के बीच रोजाना 4 जाने और 4 आने वाली उड़ानों का संचालन करता था, लेकिन अब सिर्फ 2-2 उड़ानें ही बची है। एयर इंडिया की ओर से उड़ानें बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है। हालांकि एविएशन क्षेत्र से जुड़े जानकार इसे ऑपरेशनल री-अलाइनमेंट, विमानों की उपलब्धता और बढ़ती संचालन लागत से जोडक़र देख रहे हैं। लगातार महंगे होते जेट फ्यूल के कारण एयरलाइंस का खर्च बढ़ रहा है, जबकि टिकट महंगे होने से यात्री संख्या घट रही है।
इंदौर दिल्ली के बीच अब 8 उड़ानें
एयर इंडिया की चार उड़ानें बंद होने के बाद भी इंदौर से दिल्ली के बीच यात्रियों के लिए अन्य उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की कुल 8-8 उड़ानें दोनों ओर संचालित होती रहेंगी। लेकिन उड़ानों की संख्या घटने यात्रियों के पास विकल्प कम होंगे और किराया भी बढ़ेगा। इससे पहले भी इंदौर से कई शहरों की उड़ानें बंद हो चुकी हैं। समर शेड्यूल लागू होने के बाद इंडिगो ने नासिक, उदयपुर, भुवनेश्वर और जम्मू की उड़ानें बंद कर दी थीं। वहीं शारजाह की उड़ान फरवरी से बंद है। स्टार एयर की गोंदिया और मुंबई उड़ानें भी लंबे समय से संचालित नहीं हो रही हैं। लगातार उड़ानें बंद होने से इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की संख्या घटती जा रही है।
ये उड़ानें हुई बंद
ठ्ठ एआई 1725, दिल्ली 05.40 से इंदौर 07.15 सुबह
ठ्ठ एआई 2515, दिल्ली 12.10 से इंदौर 13.45 सुबह
ठ्ठ एआई 2591, इंदौर 09.40 से दिल्ली 11.15 सुबह
ठ्ठ एआई 2516, इंदौर 02.15 से दिल्ली 03.55 दोपहर
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved