
जबलपुर। वर्षाऋतु में जलप्लावन की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन ने मुस्तैदी से तैयारियां शुरु कर दी है। आधुनिक संसाधनों को लगाकर छोटे बड़े नालों की सफाई कराई जा रही हैं। जलप्लावन के लिए संवेदशनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन्हीं कार्यों का महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने औचक निरीक्षण किया। अन्नू ने गुरुवार को कमला नेहरु वार्ड के जेडीए स्कीम नंबर 41 जीरो डिग्री स्थित नाले का निरीक्षण किया इस दौरान निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेन्द्र यादव एवं विवेकराम सोनकर, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन भी मौजूद थे। इस अवसर पर महापौर ने बताया कि शहर में 4 हजार सफाई मित्र एवं 375 डोर टू डोर गाडिय़ां लगातार सफाई कार्य में लगी हुई हैं।
आधुनिक मशीनों से हो रही सफाई
महापौर ने निरीक्षण के दौरान बताया कि विभिन्न क्षमता की हैवी मशीनें 154 बड़े नालों की गहरी सफाई और गाद हटाने के लिए 110, 200, 70 की 10 टाटा हिटाची मशीन, 24 जेसीबी, 24 डम्फर, मिनी हिटाची 23 और 33 ट्रेक्टर ट्राली के माध्यम से नालों की सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बड़े नालों के साथ-साथ सभी 79 वार्डों की छोटी-छोटी नालियों की भी तड़ीझाड़ सफाई कराई जा रही है, ताकि गलियों में पानी जमा न हो। महापौर ने बताया कि शहर के सभी 79 वार्डों में पिछले 45 दिनों से सफाई का यह महाअभियान निरंतर और तेज गति से चलाया जा रहा है। मानसून के आगमन से पहले ही अधिकांश काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कुल 154 चिन्हित बड़े नाले है, 126 नालों की सफाई पूर्ण हो चुकी है, शेष 28 नालों पर तेज गति से सफाई का कार्य किया जा रहा है, जिससे वर्षाजल की निकासी बेहद सुगम हो जाएगी और नागरिकों को जलभराव से राहत मिलेगी।
8-8 घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे काम कर रही टीम
निरीक्षण के दौरान महापौर ने शहर की नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा हमारी पूरी टीम, जन प्रतिनिधि और निगम का पूरा प्रशासनिक अमला नागरिकों की सेवा के लिए 24 घंटे 8-8 घंटे की शिफ्ट में तत्पर है। इस बार वर्षा ऋतु में नागरिकों को जलभराव के कारण किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस दौरान महापौर के साथ नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेन्द्र यादव, विवेकराम सोनकर तथा स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन सहित निगम का अन्य स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved