
इंदौर। इंदौर के सांवेर रोड इलाके में स्थित अरविंदो अस्पताल परिसर सहित आसपास के इलाके में एक स्ट्रीट डॉग का आतंक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। करीब 10 घंटे तक आवारा कुत्ते ने इलाके में लोगों पर हमला कर 42 लोगों को घायल कर दिया, जिनमें 16 को अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया। घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सांवेर रोड क्षेत्र में स्थित अरविंदो अस्पताल सहित आसपास के इलाके में स्ट्रीट डॉग के हमले की यह घटना अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए सामने आई है। फुटेज में कुत्ता राह चलते लोगों पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने करीब 8 किलोमीटर के इलाके में 10 घंटे तक आतंक मचाए रखा। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि सूचना मिलने के बाद नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट हुई और आवारा कुत्ते को पकड़ने के लिए टीम तैनात की गई है लेकिन कुत्ता अभी तक पकड़ में नहीं आया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से कई लोग कुत्ते का शिकार बने। फिलहाल इलाके में डॉग स्क्वायड द्वारा अभियान चलाया गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं इंदौर जिला प्रशासन द्वारा अधिकतर घायलों को अरविंदो अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है जबकि कई मरीज रेबीज के टीके लगवाने के लिए शासकीय हुकुमचंद अस्पताल पहुंचे हैं, अस्पताल के प्रभारी आर के पटेल ने बताया कि कुछ घायल अस्पताल पहुंचे हैं जिन्हें टीके लगाकर घर भेज दिया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved