
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दावा किया है कि तेल, गैस, कोयला और अन्य ऊर्जा संसाधनों (Energy Resources) के मामले में अमेरिका (America) दुनिया का सबसे समृद्ध देश है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास प्राकृतिक ऊर्जा भंडार इतनी बड़ी मात्रा में मौजूद हैं कि कोई अन्य देश उसकी बराबरी नहीं कर सकता।
एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला के साथ बेहतर होते संबंधों ने अमेरिका की ऊर्जा स्थिति को और मजबूत किया है। उनका दावा है कि वेनेजुएला को जोड़कर देखा जाए तो अमेरिका के पास दुनिया के करीब 64 प्रतिशत ऊर्जा संसाधन मौजूद हैं, जो एक असाधारण स्थिति है।
ट्रंप ने बताया कि कई बड़ी तेल कंपनियां पहले ही वहां काम शुरू कर चुकी हैं और आने वाले समय में लाखों बैरल तेल का उत्पादन किया जाएगा। गैसोलीन निर्यात पर संभावित प्रतिबंध के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रशासन के पास कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन अमेरिका की सबसे बड़ी ताकत उसकी प्राकृतिक संपदा है।
तेल की कीमतों पर भी दिया बड़ा बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया के कई विशेषज्ञों को आशंका थी कि कच्चे तेल की कीमतें 300 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं, लेकिन फिलहाल यह 96-97 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई हैं।
उन्होंने ईरान के साथ चल रहे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा और उसकी स्थिति पहले की तुलना में कमजोर हुई है। ट्रंप ने होरमुज़ जलडमरूमध्य से तेल परिवहन का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिकी नौसेना की सक्रिय भूमिका के कारण बड़ी मात्रा में तेल की आपूर्ति संभव हो रही है, जिससे कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिल रही है।
‘अमेरिकी ऊर्जा नीति से पूरी दुनिया को होगा फायदा’
ट्रंप ने Iowa का उदाहरण देते हुए कहा कि तीन महीने पहले वहां गैसोलीन की कीमत 1.85 डॉलर प्रति गैलन थी और भविष्य में इसमें और सुधार की संभावना है।
चिपेवा फॉल्स की यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अमेरिका की ऊर्जा नीति केवल देश की अर्थव्यवस्था को ही मजबूत नहीं करेगी, बल्कि वैश्विक बाजार को भी स्थिरता प्रदान करेगी। ट्रंप ने दावा किया कि वेनेजुएला के लोग अमेरिका के प्रति सकारात्मक भावना रखते हैं और वहां हालात बेहतर हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में तेल की कीमतों में और कमी देखने को मिल सकती है।
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच आया बयान
ट्रंप ने ईरान की ओर से किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों का भी उल्लेख किया और कहा कि अमेरिकी बलों ने कई हमलों को विफल किया है। फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बरकरार है। रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की दिशा में आने वाले कई ईरानी ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया। वहीं ईरान की ओर से कुवैत और बहरीन की दिशा में भी मिसाइलें दागे जाने की जानकारी सामने आई है।
ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका की ऊर्जा क्षमता और सैन्य शक्ति दोनों मजबूत हैं, जो भविष्य में वैश्विक तेल बाजार को स्थिर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उनका ताजा बयान अमेरिका की ऊर्जा स्वतंत्रता और वैश्विक प्रभाव को लेकर उनके दृष्टिकोण को दर्शाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved