
इन्दौर। शहर (Indore) में आज स्वाद भरी रविवार (Delicious Sunday) की सुबह में विश्व पोहा दिवस (World Poha Day) का उल्लास छाया रहा। स्वास्थ्य के लिए चुनौती बन रहे मैदे से दूरी बनाने और पोहा खाने का आव्हान देते हुए राजबाड़ा (Rajwada) पर जनप्रतिनिधियों के साथ आम नागरिकों ने जमकर पोहा पार्टी का आनंद उठाया।
शहर में विश्व पोहा दिवस के प्रति शहर के लोगों में एक अलग ही दीवानगी देखने को मिली। रोज की तरह जहां बच्चों के साथ की परिवार आज राजबाड़ा, छप्पन दुकान, गोराकुंड, जेल रोड और मल्हारगंज की दुकानो पर चटाकेदार पोहे का लुत्फ लेने पहुंचे है, वहीं शहर के प्रमुख चौराहों पर पोहा पार्टी आयोजित की गई। इंदौरी स्वाद और संस्कृति को सेलिब्रेट करने राजबाड़ा पर खासा माहौल रहा। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राजबाड़ा पर नागरिकों के साथ पोहे का लुत्फ उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य के लिए मैदे से दूरी बहुत जरूरी है, इसलिए आज यह स्लोगन दिया है कि मैदे से लेंगे लोहा, मिलकर खाएंगे पोहा। मेरी पत्नी पोहे और आटे के समोसे बहुत बढिय़ा बनती है। अब हमारे घर पर ज्यादातर आटे का ही इस्तेमाल होता है। मैदे से दूरी बना ली गई है और यह जरूरी भी है। विधायक रमेश मेंदोला ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भी कहा था, इन्दौर स्वच्छता के साथ-साथ स्वाद की राजधानी है, क्योंकि इन्दौर के व्यंजन बड़े ही लजीज एवं स्वादिष्ट होते हैं, उनमें से ही पोहा एक है। उन्होंने कहा कि जैसे स्वच्छता इन्दौरियों की पहचान है, वैसे ही स्वादिष्ट पोहा भी इन्दौर की पहचान है। राजबाड़ा पर अन्य जनप्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में पहुंचे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सान्निध्य में विश्राम बाग में पोहे की पार्टी आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ महिलाओं और बच्चों ने भागीदारी की। भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि पोहा और इंदौर दोनों एक-दूसरे के पर्याय हैं। इंदौर में लाखों छात्र हैं, उन्हें आधी रात में भी भूख लगती है तो पोहा मिल जाता है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved