कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अस्थायी मुख्यालय को लेकर नया विवाद सामने आया है। जिस इमारत में पार्टी का मौजूदा मुख्यालय (TMC Headquarters) संचालित हो रहा है, उसके मालिक ने कथित तौर पर पार्टी से भवन खाली करने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, TMC का वर्तमान मुख्यालय कोलकाता के कैनाल साउथ रोड स्थित A/P-1/A पते पर संचालित हो रहा है। इस संपत्ति के मालिक मोंटू साहा ने दावा किया है कि पार्टी के साथ हुआ किराये का समझौता वर्ष 2025 में समाप्त हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद भवन अब तक खाली नहीं किया गया है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से पार्टी से परिसर खाली करने का अनुरोध कर रहे हैं।
पुलिस स्टेशन पहुंचे बिल्डिंग मालिक
रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार को मोंटू साहा अपने बेटे अमित साहा के साथ संपत्ति पर पहुंचे थे और पार्टी प्रतिनिधियों से बातचीत करने की कोशिश की। हालांकि, वहां कोई जिम्मेदार पदाधिकारी मौजूद नहीं मिला। काफी इंतजार के बाद दोनों पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
अमित साहा का कहना है कि समझौता समाप्त होने के बाद कई बार पार्टी से संपर्क किया गया। उन्होंने दावा किया कि TMC की ओर से जुलाई तक भवन खाली करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। परिवार का कहना है कि इमारत में मरम्मत कार्य होना है और उन्हें अपने व्यावसायिक उपयोग के लिए भी संपत्ति की आवश्यकता है।
कानूनी कार्रवाई के संकेत
साहा परिवार ने संकेत दिए हैं कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे कानूनी रास्ता अपना सकते हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, TMC के एक नेता ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संपत्ति किराये पर देना कोई एहसान नहीं था और इसके बदले मालिक को कई कारोबारी लाभ भी मिले हैं।
पार्टी के मूल मुख्यालय पर भी विवाद
इधर, TMC के मूल मुख्यालय ‘तृणमूल भवन’ को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई है। पार्टी के बागी विधायक जावेद खान ने उस जमीन पर अपने परिवार का दावा जताया है, जहां यह भवन स्थित है। उनका कहना है कि उनके पास जमीन स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं।
गौरतलब है कि TMC ने वर्ष 2022 में अपने स्थायी मुख्यालय में मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद कैनाल साउथ रोड स्थित इस भवन को किराये पर लिया था। इससे पहले यहां ‘अरब रेजिडेंसी’ नाम से होटल संचालित किया जाता था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved