img-fluid

मस्क की दौलत ने बनाया नया इतिहास, पूरी दुनिया में बांट दें संपत्ति तो हर व्यक्ति को मिलेंगे 10 हजार से ज्यादा रुपये

June 13, 2026

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपति और स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क (Elon Musk) ने एक नया आर्थिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। स्पेसएक्स (SpaceX) के शेयर बाजार (Stock Market) में शानदार डेब्यू और कंपनी के मूल्य में जबरदस्त उछाल के बाद मस्क की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर (करीब 92 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही वह दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए हैं।

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार तक मस्क की नेटवर्थ 1.1 ट्रिलियन डॉलर दर्ज की गई। यह आंकड़ा इतना विशाल है कि इसकी तुलना आम आर्थिक मानकों से करना भी मुश्किल है। एक ट्रिलियन डॉलर, एक अरब डॉलर से एक हजार गुना और दस लाख डॉलर से दस लाख गुना अधिक होता है।

यदि इस संपत्ति को दुनिया की पूरी आबादी में बराबर बांट दिया जाए तो पृथ्वी पर रहने वाले हर व्यक्ति को लगभग 122 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 10,300 रुपये मिल सकते हैं। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के ताजा आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में दुनिया की आबादी लगभग 8.2 बिलियन है।

मस्क की संपत्ति की विशालता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि अगर एक ट्रिलियन डॉलर के नोटों को एक सीधी कतार में बिछाया जाए तो यह लगभग 9.7 करोड़ मील (करीब 15.6 करोड़ किलोमीटर) लंबी लाइन बन जाएगी। यह दूरी पृथ्वी और सूर्य के बीच की औसत दूरी से भी अधिक है। वहीं, पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी के आधार पर यह लाइन चंद्रमा तक 200 से ज्यादा बार पहुंच सकती है।


  • आर्थिक तुलना करें तो अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के 2026 के आंकड़ों के अनुसार दक्षिण अफ्रीका की कुल वार्षिक जीडीपी करीब 480 बिलियन डॉलर है। मस्क की कुल संपत्ति इस आंकड़े से दोगुने से भी अधिक है। दुनिया में केवल 21 देशों की अर्थव्यवस्था ही एक ट्रिलियन डॉलर के स्तर को पार कर पाई है।

    रियल एस्टेट सेक्टर में भी यह रकम चौंकाने वाली तस्वीर पेश करती है। फेडरल रिजर्व बैंक ऑफ सेंट लुइस के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में एक मकान की औसत कीमत करीब 4.03 लाख डॉलर है। इस हिसाब से मस्क की संपत्ति से अमेरिका में लगभग 25 लाख घर खरीदे जा सकते हैं।

    ऊर्जा क्षेत्र में भी यह आंकड़ा बेहद बड़ा है। AAA के अनुसार अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत 4.11 डॉलर प्रति गैलन है। इस दर पर एक ट्रिलियन डॉलर से 243 अरब गैलन से अधिक ईंधन खरीदा जा सकता है, जो पिछले पूरे वर्ष अमेरिका में उपभोग किए गए कुल ईंधन से कहीं ज्यादा है।

    दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में मस्क का दबदबा भी साफ दिखाई देता है। फोर्ब्स के अनुसार दूसरे स्थान पर गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज हैं, जिनकी संपत्ति 295 बिलियन डॉलर है। उनके बाद सर्गेई ब्रिन (272 बिलियन डॉलर), जेफ बेजोस (247 बिलियन डॉलर) और लैरी एलिसन (228 बिलियन डॉलर) का नाम आता है।

    दिलचस्प बात यह है कि इन चारों अरबपतियों की कुल संपत्ति को जोड़ दिया जाए, तब भी यह आंकड़ा एलन मस्क की कुल दौलत के बराबर ही पहुंचता है। यही वजह है कि मस्क की संपत्ति को आज वैश्विक आर्थिक इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत संपत्तियों में गिना जा रहा है।

    Share:

  • तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून.... 25 राज्यों में 18 जून तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

    Sat Jun 13 , 2026
    नई दिल्ली। तेजी से आगे बढ़ रहे दक्षिण्-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) और उत्तरी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से मौसम (Weather:) में व्यापक बदलाव आया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) से तटीय कर्नाटक तक गरज और चमक के साथ बारिश हुई है। साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में 50-70 […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved