
देवास। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के देवास जिले (Dewas district) के जिनवानी वन परिक्षेत्र में शनिवार को अतिक्रमण हटाने (Removal Encroachments) गई वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर पथराव (Stone-pelting) कर दिया गया। भीलआमला गांव के लोगों द्वारा किए गए इस हमले में एक वनपाल और पांच वनरक्षक सहित छह वनकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस हिंसक विरोध प्रदर्शन में सरकारी वाहनों और एक जेसीबी मशीन को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश में देवास जिले के जिनवानी वन परिक्षेत्र के के कमलापुर बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक 94 में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने कथित तौर पर पथराव कर दिया। इस हमले में 6 वनकर्मी घायल हो गए। घटना में शासकीय वाहनों और जेसीबी मशीनों को नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिनवानी वन परिक्षेत्र के कमलापुर बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक 94 में शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए वन विभाग के विभिन्न परिक्षेत्रों का अमला और कमलापुर पुलिस की टीम पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान भीलआमला गांव के कुछ महिला-पुरुषों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए टीम पर पथराव कर दिया।
पथराव में जेसीबी मशीन और शासकीय वाहनों के कांच क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में वन विभाग के कई कर्मचारी घायल हुए। घायलों में वनरक्षक मोहन पंचोनिया, ज्योति जाट, कमल राणा, देवकरण मालवीय और सूरज धांधे के अलावा वनपाल एवं परिक्षेत्र सहायक केके परमार शामिल हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए कमलापुर स्वास्थ्य केंद्र तथा आरआर अस्पताल चापड़ा भेजा गया।घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और वन विभाग दोनों इस मामले की जांच कर रहे हैं। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved