
इंदौर। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Congress leader Digvijaya Singh) ने शनिवार को इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव (Indore Mayor Pushyamitra Bhargava) के उस कदम का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में ‘आपराधिक अवमानना’ के लिए उनके (दिग्विजय सिंह) खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिंह ने भार्गव के इस कदम के लिए फोन लगाकर उन्हें शुक्रिया भी कह डाला। सिंह ने कहा कि इससे उन्हें कोर्ट के सामने अपनी दलीलें और तथ्य रखने का मौका मिलेगा।
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री के ऑफिस की तरफ से जारी एक बयान में बताया गया कि उन्होंने भार्गव से फोन पर बात भी की और इस मामले में सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता को पत्र लिखने के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया। दरअसल मेहता को लिखे अपने पत्र में मेयर ने एक वीडियो का जिक्र किया है, जिसमें सिंह ने कथित रूप से सुप्रीम कोर्ट के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।
मेयर ने बताया फोन पर दोनों के बीच क्या बात हुई
उधर महापौर पुष्यमित्र ने भी पूर्व सीएम के साथ फोन पर हुई अपनी बातचीत का हवाला दिया और सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, ‘दिग्विजय सिंह जी, फोन पर चर्चा के लिए धन्यवाद। आपकी बातों से यह एहसास हुआ कि न्यायपालिका के प्रति की गई आपकी टिप्पणी की गंभीरता का आपको आभास है। जहां तक पक्ष रखने की बात है, देश की अदालतें किसी भी नागरिक को सुने बिना फैसला नहीं देतीं। असहमति आपका अधिकार है, लेकिन न्यायपालिका की गरिमा का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है। आप वरिष्ठ राजनेता हैं, आपसे भी यही आशा रहती है कि देश की सर्वोच्च अदालत का सम्मान करें।’
दिग्विजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट पर की थी यह टिप्पणी
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने और फिर भारतीय जनता पार्टी के तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई थी। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि यह ऐसी ‘चोरी’ है, जिसमें केंद्र से लेकर राज्य तक सभी संस्थाएं शामिल हैं। सिंह ने कहा था, ‘जब चोरी हुई है और इस चोरी में सभी लोग शामिल हैं। न केवल राज्य, बल्कि केंद्र भी… निर्वाचन आयोग भी… और मुझे यह कहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है कि उच्चतम न्यायालय भी।’ इंदौर के महापौर ने भी सिंह के इसी वीडियो का हवाला देते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को पत्र लिखा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved