
– गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार तक 7 बजे से अभियान
– तीन दिन पहले नोटिस, कुछ लोगों ने ही हटाई थी बाधाएं
– निगम की टीम देख खुद ही तोडऩा शुरू किए बाधक हिस्से
इंदौर। आज सुबह 7 बजे के लगभग सदर बाजार (Sadar Bazaar) में सडक़ (Road) के लिए बड़ी तोडफ़ोड़ (Major vandalism) शुरू हो गई। कई लोग नींद से पूरी तरह जागे भी नहीं थे कि जेसीबी और पोकलेन से तोडफ़ोड़ की आवाज से क्षेत्र में भीड़ जमा हो गई। विवाद न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल लेकर पहुंची निगम की रिमूवल टीम ने गुटकेश्वर महादेव मंदिर से सदर बाजार की ओर वाले मार्ग पर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक 60 फीट चौड़ी सडक़ के लिए करीब 98 से ज्यादा मकान-दुकानों के हिस्से बाधक हैं, जिन्हें तोडऩे की कार्रवाई शुरू की गई। इनमें सर्वाधिक बाधाएं जूना रिसाला क्षेत्र में हैं। इसके लिए भारी-भरकम निगम अमला और अफसर भी मौके पर मौजूद थे।
नगर निगम द्वारा मास्टर प्लान की सडक़ों को बनाने की कार्रवाई तेजी से की जा रही है। इसके लिए जिंसी, छावनी और कई क्षेत्रों में बाधाएं हटाने के बाद आज सुबह नगर निगम का रिमूवल अमला आला अधिकारियों के साथ गुटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। इस क्षेत्र में ज्यादा बाधाएं नहीं थीं, लेकिन वहां से सदर बाजार थाने के सामने तक की सडक़ पर अधिकांश बाधाएं थीं, जिन्हें हटाने का काम शुरू किया गया। नगर निगम के अपर आयुक्त प्रखरसिंह के मुताबिक सदर बाजार से गुटकेश्वर महादेव मंदिर तक 60 फीट चौड़ी सडक़ बनाई जाना है। इसमें 98 से ज्यादा मकान-दुकानों के हिस्से बाधक थे। बाधक निर्माण को लेकर निगम ने तीन दिन पहले ही पूरे क्षेत्र में नोटिस बांटने के साथ नपती और निशान लगाने की कार्रवाई भी पूरी कर ली थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ निगम के अमले ने बाधक मकान-दुकानों के हिस्से तोडऩा शुरू किए। कई मकानों के हिस्से कुछ रहवासियों ने तोड़ लिए थे तो कुछ लोगों ने बाधाएं नहीं हटाई थीं। सुबह 7 बजे हुई तोडफ़ोड़ से कई रहवासी नींद से जागे ही थे कि भारी-भरकम नगर निगम अमला और पुलिस देख चौंक पड़े और मौके पर कार्रवाई देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई।

कबाड़ खरीदने वालों की टीम भी पूरे क्षेत्र में सक्रिय रही
सुबह निगम की टीम ने जब कार्रवाई शुरू की तो कई लोग वहां घूम रहे ड्रिल मशीन वालों को बुलाकर बाधक हिस्से हटवाने के लिए मोलभाव करते नजर आए। वहीं कई क्षेत्रों में तोडफ़ोड़ के साथ बिखरे सामान को खरीदने वाले भी ठेला और गाडिय़ां लेकर पहुंच गए थे। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर ही ड्रिल मशीनों के साथ बाधक हिस्से हटाना शुरू किए थे। उस समय कार्रवाई दूसरे हिस्सों में चल रही थी।
98 बाधाएं हटाने का बड़ा अभियान
जूना रिसाला में सबसे ज्यादा बाधक निर्माण
निगम अधिकारियोंं के मुताबिक 60 फीट चौड़ी सडक़ के लिए करीब 98 मकान- दुकानों के बाधक हिस्से चिह्नित किए गए थे। इनमें कुछ पुराने मकान-दुकानों के साथ नए मकानों के हिस्से भी शामिल हैं। सदर बाजार से गुटकेश्वर महादेव मंदिर के बीच सडक़ निर्माण को लेकर बाधाएं हटाई जा रही थीं, लेकिन सर्वाधिक बाधाएं जूना रिसाला क्षेत्र में थीं, जहां सडक़ के हिस्से तक मकान-दुकान बने हुए थे। इनमें से कई मकान-दुकानों के हिस्से 15 से 20 फीट तक चपेट में आ रहे थे और वहां से गृहस्थी का सामान शिफ्ट करने के लिए प्रभावितों को निगम के वाहन और कर्मचारियों की टीमें भी उपलब्ध कराई गईं, ताकि वे अपना सामान वहां से हटा सकें।
8 पोकलेन और 7 जेसीबी सहित 150 रिमूवलकर्मियों का अमला रहा तैनात
कार्रवाई को लेकर कल शाम ही नगर निगम ने पूरी तैयारी कर ली थी और आज सुबह 8 पोकलेन, 7 जेसीबी और 150 कर्मचारियों की मदद से कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इसके अलावा पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी और नगर निगम की महिला कर्मचारी भी मौके पर तैनात थीं। कुछ स्थानों पर विवाद की आशंका के चलते बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था और सडक़ के दोनों ओर का आवागमन बंद कर दिया गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved