
डेस्क: कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के कैलगरी शहर में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साउथ एशियन समुदाय को कथित तौर पर निशाना बनाने वाले एक आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस अभियान में 16 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर कुल 56 आपराधिक आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, कैलगरी पुलिस ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तार आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय गैंग, जैसे लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ या रोहित गोदारा नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं. उल्लेखनीय है कि हाल के वर्षों में कनाडा में इन गैंगों के नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आते रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, ये नेटवर्क लोगों को धमकाकर जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन), गोलीबारी, हिंसक वारदातों, हथियारों के इस्तेमाल और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल था. अलग-अलग मामलों की जांच को जोड़ने के बाद यह कार्रवाई की गई. जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी डर और हिंसा का माहौल बनाकर लोगों से पैसे वसूलने की कोशिश करते थे. कई मामलों में पीड़ितों को हथियारों के दम पर धमकाया गया. जांच में अपहरण की साजिश, अपराध के सबूत मिटाने और अवैध हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े मामले भी सामने आए हैं.
पुलिस ने कुछ आरोपियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं और लोगों से उनकी पहचान या गतिविधियों के संबंध में जानकारी शेयर करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि कई आरोपी अलग-अलग नामों और उपनामों से जाने जाते हैं, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.
20 वर्षीय रवजोत तूर को एक ट्रैफिक चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया. उसके पास से प्रतिबंधित श्रेणी का हथियार, कारतूस और कोकीन बरामद होने का दावा किया गया है. उस पर अवैध हथियार रखने, बिना लाइसेंस हथियार रखने, वाहन में हथियार ले जाने, अपराध से जुड़े हथियार रखने, हथियार छिपाने और मादक पदार्थ रखने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का मानना है कि उसके पास से बरामद सामान का संबंध पहले हुई एक गोलीबारी से भी हो सकता है.
मार्च 2026 में कैलगरी में हुई एक फायरिंग की जांच में जरमनजीत सिंह उर्फ जर्मन सिंह (22), जसकरण सिंह उर्फ जस्सी बुट्टर (21) और करणबीर सिंह उर्फ करण सिंह (21) के नाम सामने आए हैं. इनमें से जरमनजीत सिंह को वांछित घोषित किया गया है. तीनों पर ऐसी फायरिंग करने के आरोप हैं जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ी.
जांच में ये भी सामने आया कि गोलीबारी में इस्तेमाल की गई एक गाड़ी को आग लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई. इस मामले में अमनदीप सिंह उर्फ शिवा सिंह (21), अनुराग सिद्धू (21) और इशानदीप सिंह (19) पर आगजनी के आरोप लगाए गए हैं.
मई 2026 में सामने आए एक जबरन वसूली के मामले में अमनदीप मल्ही उर्फ हरमन गिल (39) और संदीप सिंह (32) को गिरफ्तार किया गया. दोनों पर लोगों को धमकाकर पैसे मांगने और अपराध से जुड़ी रकम रखने के आरोप हैं.
पुलिस ने एक कथित अपहरण की योजना का भी पर्दाफाश किया है. इस मामले में दक्ष गौतम (25), आकाशदीप सिंह (19), गगनदीप सिंह उर्फ गगी सिंह उर्फ गुग्गी (29), परदीप सिंह (24) और तरनवीर सिंह (24) के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इन पर हथियारों के बल पर लोगों को अगवा करने, बंधक बनाने और हमला करने की साजिश रचने के आरोप हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved