
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर से दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जो हर किसी को हैरत में डाल दी है। यहां के नीलगंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले माधव क्लब रोड स्थित दवा बाजार में एक युवती पर जानलेवा हमला हुआ है। सरेराह हुए इस खूनी खेल से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार दवा बाजार की एक मेडिकल शॉप दयाल फार्मा पर काम करने वाली युवती पर एक सिरफिरे युवक ने सरेआम चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज देखने पर साफ हो रहा है कि आरोपी युवक आता है और युवती से बात करने लगता है। बातचीत के दौरान ही वह अचानक चाकू निकाल लेता है और महज 13 सेकंड के भीतर युवती पर 15 से अधिक वार कर देता है। सिरफिरे ने युवती के सिर, पेट, गर्दन और पीठ पर बेरहमी से ताबड़तोड़ हमले किए। जब आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे तो युवक डरकर वहां से भाग निकला। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक पिछले कई दिनों से युवती को परेशान कर रहा था।
लहूलुहान और गंभीर हालत में युवती को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। घायल युवती का नाम पूजा बताया जा रहा है, जो बापू नगर की रहने वाली है। वारदात के बाद उसे पहले शासकीय चरक अस्पताल लाया गया था, जहाँ से बाद में उसे एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक हमला करने वाले आरोपी युवक का नाम सुनील बताया जा रहा है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved