
जोधपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) 4 जुलाई को जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे (Will Inaugurate new airport terminal building in Jodhpur on July 4) ।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ अधिक आरामदायक और सुगम यात्रा अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि जोधपुर एयरपोर्ट पश्चिमी राजस्थान का प्रमुख हवाई केंद्र है। लगातार बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए नए और विशाल टर्मिनल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित यह नया भवन तैयार किया गया है।
नए टर्मिनल में उन्नत चेक-इन सिस्टम, आधुनिक सुरक्षा जांच व्यवस्था, विशाल प्रतीक्षालय और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई नई व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। यह टर्मिनल आने वाले वर्षों में बढ़ने वाले यात्री भार को भी आसानी से संभाल सकेगा। शेखावत ने बताया कि संचालन शुरू करने से पहले जरूरी तकनीकी अनुमोदनों की प्रक्रिया जारी है। विशेषज्ञों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है और सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही 4 जुलाई से नए टर्मिनल से यात्री सेवाएं शुरू होने की संभावना है। यह परियोजना जोधपुर की हवाई कनेक्टिविटी को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved