
नई दिल्ली। फ्रांस (France) के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित शांत गांव सेनन (Senon) में हुई एक साधारण खुदाई ने ऐसा ऐतिहासिक रहस्य उजागर किया है, जिसने पुरातत्व जगत (Archaeology) को हैरान कर दिया है। एक घर के विस्तार के दौरान जमीन के नीचे तीन बड़े मिट्टी के घड़े मिले, जिनमें करीब 40,000 से अधिक रोमन कांस्य और तांबे के सिक्के (Roman Bronze and Copper Coins) सुरक्षित रखे हुए थे। इन सिक्कों की उम्र लगभग 1,700 वर्ष बताई जा रही है।
खुदाई में मिला पूरा रोमन आवासीय क्षेत्र
यह खोज तब सामने आई जब मकान विस्तार के लिए खुदाई की जा रही थी। बाद में नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर प्रिवेंटिव आर्कियोलॉजिकल रिसर्च (INRAP) की टीम ने करीब 1,500 वर्ग मीटर क्षेत्र की जांच की, जिसमें सिर्फ सिक्के ही नहीं बल्कि एक पूरा रोमन आवासीय क्षेत्र दबा हुआ मिला।
खुदाई में पत्थर के मकान, पक्की सड़कें, आंगन, कार्यशालाएं और जमीन के नीचे घरों को गर्म रखने वाला प्राचीन रोमन हीटिंग सिस्टम (हाइपोकॉस्ट) भी मिला। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह इलाका कभी समृद्ध व्यापारियों और शिल्पकारों का केंद्र रहा होगा।
तीन घड़ों में छिपा ‘होम बैंक’?
सबसे रहस्यमयी खोज तीन बड़े मिट्टी के घड़े रहे, जिनकी बनावट और स्थिति ने वैज्ञानिकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। ये घड़े जमीन के ठीक नीचे सीधा रखे गए थे और इनके मुंह ऊपर की ओर खुले हुए थे, जिससे संकेत मिलता है कि इन्हें बार-बार उपयोग में लाया जाता रहा होगा।
एक घड़े का वजन लगभग 38 किलोग्राम था, जिसमें करीब 23,000 सिक्के थे। दूसरे घड़े में लगभग 18,000 सिक्के मिले, जबकि तीसरा घड़ा खाली पाया गया, जिसे संभवतः पहले उपयोग में लाया जा चुका था। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कोई आपातकालीन खजाना नहीं, बल्कि उस समय का एक प्रकार का ‘होम बैंक’ हो सकता है, जहां लोग अपनी बचत जमा और निकालते थे।
सिक्कों से मिली ऐतिहासिक पहचान
इन सिक्कों पर तीसरी शताब्दी के रोमन शासकों जैसे विक्टोरिनस और टेट्रिकस के चित्र अंकित हैं। यह काल रोमन साम्राज्य के एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दौर को दर्शाता है।
दो भीषण आगों ने खत्म कर दिया पूरा शहर
रिसर्च में सामने आया है कि चौथी शताब्दी की शुरुआत में इस समृद्ध बस्ती में एक विनाशकारी आग लगी थी। हालांकि इसके बाद क्षेत्र को दोबारा बसाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ समय बाद एक और भीषण आग ने पूरे इलाके को पूरी तरह तबाह कर दिया।
इस विनाश के बाद निवासी कभी वापस नहीं लौटे। घर ढह गए, सड़कें मलबे में दब गईं और यही ‘होम बैंक’ भी समय की परतों में खो गया, जो अब सदियों बाद फिर से सामने आया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved