
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले के उंगुटुर मंडल के चेब्रोल के पास शनिवार देर रात यह हादसा हुआ। चेरलापल्ली-शालीमार स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से एक पुरुष और तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि चारों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही ताडेपल्लीगुडेम जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चारों एक ही परिवार के सदस्य हो सकते हैं और उन्होंने संभवतः आत्महत्या की है। सभी की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मौके से पुलिस को एक महिला के पास से शेख हसीना के नाम का एटीएम कार्ड मिला। वहीं दूसरी महिला के पास ताडेपल्लीगुडेम आरटीसी डिपो की बाइक पार्किंग रसीद मिली। इसके अलावा घटनास्थल से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए, लेकिन दोनों पूरी तरह क्षतिग्रस्त थे। पुलिस अब सिम कार्ड से डेटा निकालकर मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ताडेपल्लीगुडेम क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved