नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड वाला सरकारी आवास, जिसे भाजपा लंबे समय से ‘शीश महल’ (Castle of glass) कहकर निशाना बनाती रही है, अब नए उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली सरकार इस परिसर को सरकारी गेस्ट हाउस और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इस बंगले को आधिकारिक तौर पर दिल्ली सरकार का गेस्ट हाउस घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के खाली होने के बाद सरकार इसके उपयोग को लेकर कई विकल्पों पर विचार कर रही थी। लंबी चर्चा के बाद गेस्ट हाउस और सांस्कृतिक केंद्र का मॉडल सबसे उपयुक्त माना गया।
सरकार का तर्क है कि फिलहाल दिल्ली सरकार का अपना कोई स्थायी सरकारी गेस्ट हाउस नहीं है। ऐसे में इस भवन का उपयोग सरकारी मेहमानों के ठहरने और विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा। साथ ही यहां सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
यह वही बंगला है जिसे भाजपा ने ‘शीश महल’ नाम दिया था। आरोप लगाया गया था कि मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने इसके पुनर्निर्माण, साज-सज्जा और लग्जरी सुविधाओं पर सरकारी धन का अत्यधिक खर्च कराया। भाजपा ने इस मामले में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगाए थे।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी इन आरोपों को लगातार राजनीतिक बताते हुए खारिज करती रही है।
अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद से यह सरकारी आवास खाली पड़ा है। सरकार अब इसे सार्वजनिक उपयोग में लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
अरविंद केजरीवाल वर्तमान में नई दिल्ली के 95, लोधी एस्टेट स्थित टाइप-VII सरकारी बंगले में रह रहे हैं। यह आवास केंद्र सरकार की ओर से उन्हें आवंटित किया गया है। इसमें पांच बेडरूम और चार बैठक कक्ष हैं।
केजरीवाल ने पहले कहा था कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में उनकी जिम्मेदारियों और अदालत के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह आवास उपलब्ध कराया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद वह कुछ समय के लिए पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को आवंटित सरकारी आवास में रह रहे थे।
नई दिल्ली विधानसभा सीट से पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल को हराने वाले भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता ने आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। वहीं, इस पूरे मुद्दे को लेकर दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved