गाजियाबाद। गाजियाबाद (Ghaziabad) के पूठरी गांव में मामूली ताने से उपजा विवाद एक दिल दहला देने वाली हत्या (Murder) में बदल गया। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय युवक की एक ग्रामीण ने दरांती से हमला (Attack with a sickle) कर हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के दौरान मृतक के शरीर पर कई गंभीर वार किए गए और शव को खेत में ले जाकर छिपाने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान तरुण उर्फ नमित (22) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली का रहने वाला था और पिछले करीब दो वर्षों से अपने परिवार के साथ पूठरी गांव में किराये पर रह रहा था।
बताया गया कि रविवार शाम वह घर से टहलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश के बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में उसका शव बरामद हुआ।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पूठरी गांव निवासी निरांचल उर्फ मंत्री (33) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले गांव के कुछ युवकों ने आरोपी का मजाक उड़ाते हुए उसे कथित तौर पर ‘भंगजी बाबा’ कहकर संबोधित किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी इसी बात से नाराज था।
जांच के अनुसार, रविवार शाम जब उसकी मुलाकात तरुण से हुई और कथित तौर पर फिर वही टिप्पणी की गई, तो आरोपी ने दरांती से हमला कर दिया। पुलिस का आरोप है कि हमले में तरुण को गंभीर चोटें पहुंचीं, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी शव को सड़क से घसीटकर खेत में ले गया और उसे बोरे में भरकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद वह शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पहले भी मजाक उड़ाने वाले एक अन्य युवक पर हमला करने की कोशिश कर चुका था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से वह बच गया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
तरुण अपने परिवार में सबसे बड़ा बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में माता-पिता, एक भाई और दो बहनें हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved