
इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने आज सुबह नेहरू स्टेडियम में सबसे बड़ी मानव शृंखला बनाकर अपना पिछले साल का ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ के तहत आज सुबह यहां हजारों ने हाथों में हाथ थाम कर विशाल मानव शृंखला बनाई। इस वल्र्ड रिकॉर्ड में भागीदारी करने के लिए इंदौर पुलिस का साथ देने कई स्कूल, कॉलेज के साथ ही एनसीसी से जुड़े कैडेट्स भी शामिल हुए।
विभिन्न सामाजिक संगठनों, पुलिस ट्रेनिंग लेने वाले नव आरक्षकों के साथ ही विभिन्न सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर ने भी भागीदारी दर्ज की। करीब 8600 ने मानव शृंखला बनाकर रिकॉर्ड अपने नाम किया। गुब्बारों से सजे स्टेडियम, बजते संगीत के बीच सभी ने एक साथ नशे से मुक्त होने का संकल्प लिया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सभी नशे से मुक्त रहने का संकल्प दिलाकर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और कहा कि आप इस देश का भावी भविष्य हो। खुद भी नशे से दूर रहे और आसपास के लोगों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने आज नशे को लेकर अब तक किए गए सेमिनार का भी अपना रिकॉर्ड तोड़ एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया।
सुबह 5 बजे से तैनात हुआ बल
हजारों की भागीदारी और व्यवस्था को देखते हुए यातायात पुलिस ने नेहरू स्टेडियम की ओर आने वाले सभी रास्तों पर सुबह 5 बजे से ही अपना बल तैनात कर दिया था। निरीक्षकों ने प्रमुख स्थानों पर टीम के साथ व्यवस्था संभाली, वहीं आसपास पार्किंग स्थलों पर भी बल तैनात रहा।
पिछले साल 7100 ने बनाया था रिकॉर्ड
बीते साल इसी अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी’ के तहत 25 जुलाई 2025 को भंवरकुआं से पलासिया तक 6 किलोमीटर में 7100 स्कूली बच्चों, नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और विभाग के लोगों ने मानव शृंखला बनाकर वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड (लंदन) में नाम दर्ज करवाया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved