
सिहोरा। सिहोरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 से विकास के दावों की पोल खोलती एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। वार्ड के मंडी से स्टेशन रोड वाला मुख्य मार्ग पर नालों और नालियों का पानी सड़कों पर खुलेआम बह रहा है।
जनता का फूटा गुस्सा
वार्ड के निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन कान में तेल डालकर सोया हुआ है। मंदिर के आसपास गंदे पानी के ठहराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की निकासी दुरुस्त नहीं की गई और मंदिर की पवित्रता बहाल नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।
मंदिर में गंदा पानी जाना गंभीर मामला
सड़क पर नालों का भराव और मंदिर में पानी घुसने की समस्या बेहद गंभीर है। मैंने खुद इस संबंध में कई बार नगर पालिका के इंजीनियर और अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया है।
गणेश दाहिया,पार्षद
नाली निर्माण से समस्या हल हो जाएगी
वार्ड क्रमांक 14 में जलभराव और मंदिर के पास पानी रुकने का मामला अभी मेरे संज्ञान में आया है। नाली चोक होने के कारण यह स्थिति बनी है। नाली की सफाई कर पानी का रुख मोड़ा जाएगा ताकि मंदिर के भीतर पानी न जाए। जल्द ही यहां स्थायी नाली निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
प्रदीप झरिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सिहोरा
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved