img-fluid

खाकी पर दाग! परिवार का आरोप-बेटे को थाने ले जाकर पीटा, अब हो गया लापता

July 22, 2026

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. गोटेगांव थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों पर एक युवक को जबरन थाने ले जाकर मारपीट करने, पैसे और मोबाइल छीनने के बाद लाखों रुपये की मांग करने का आरोप लगाया गया है. पीड़ित परिवार का दावा है कि घटना के बाद से युवक पिछले 48 घंटे से लापता है. मामले की शिकायत कलेक्टर जनसुनवाई में की गई है, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.

गोटेगांव के आजाद वार्ड निवासी चन्द्रिका राय ने सोमवार को कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उनका बेटा दीपक राय 17 जुलाई को अनुपम मॉल के सामने स्थित एक चाय की दुकान पर बैठा था. इसी दौरान गोटेगांव थाना प्रभारी अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचे और कथित तौर पर दीपक को धक्का देकर पुलिस वाहन में बैठा लिया. परिजनों का आरोप है कि दीपक को बिना किसी स्पष्ट कारण बताए थाने ले जाया गया. इसके बाद उसे थाने के पीछे बनी एक पुरानी कोठरी में रखा गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई.


  • शिकायत में चन्द्रिका राय ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने दीपक की जेब में रखे 17 हजार रुपये और मोबाइल अपने पास रख लिए. उन्होंने बताया कि जिस कोठरी में युवक को रखा गया था, वह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बाहर है. ऐसे में वहां हुई गतिविधियों की जांच की मांग की गई है. परिवार का आरोप है कि जब वे दीपक को छुड़ाने के लिए थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेने से ही इनकार कर दिया.

    पीड़ित परिवार के मुताबिक, उसी रात करीब 10 बजे दीपक से कथित तौर पर कोरे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवाए गए और उसे छोड़ने के बदले 4 लाख रुपये की मांग की गई. परिजनों का आरोप है कि अगले दिन भी उन्हें थाने बुलाया गया और रकम नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई. परिवार का कहना है कि 18 जुलाई के बाद से दीपक का कोई पता नहीं है. लगातार तलाश करने के बावजूद उसका सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिजन काफी परेशान हैं.

    चन्द्रिका राय ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उनके बेटे को सुरक्षित तलाशने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कथित कार्रवाई से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है.

    मामले को लेकर नरसिंहपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भुरिया ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और इसकी जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और युवक की तलाश भी की जा रही है.

    Share:

  • खाकी और खादी में रार कॉलर पकडऩे पर हंगामा, वीडियो वायरल

    Wed Jul 22 , 2026
    राहुल गांधी पर कार्रवाई का विरोध, मालवीय चौक पर भड़का कांग्रेस का गुस्सा जबलपुर। मंगलवार की शाम मालवीय चौक का इलाका अचानक से राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया जब दिल्ली में राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। इस अचानक हुए उग्र प्रदर्शन का नेतृत्व […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved