
हर दिन बढ़ रही छात्रों की संख्या, ढोलक, झांझ-मंजीरे पर विद्यार्थियों ने लगाए नारे और गाए गाने
इंदौर। नीट परीक्षा (NEET Exam) के पेपर लीक (Paper leak) मामले को लेकर भंवरकुआं चौराहे (Bhanwarkuan) पर चल रहे प्रदर्शन पर प्रशासन की नजर है। हर दिन बढ़ रही छात्रों की संख्या के कारण चिंता भी बढ़ रही है। इस स्थिति के चलते अब ड्रोन के माध्यम से आंदोलन स्थल की निगरानी की जा रही है। इधर, विद्यार्थियों द्वारा ढोलक, झांझ और मंजीरे पर नए नारे लगाए और गाने गाए गए।
भंवरकुआं चौराहे पर पांच छात्रों के साथ विद्यार्थियों का आंदोलन शुरू हुआ था। यह आंदोलन अब 25वें दिन में प्रवेश कर गया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू होने के बाद इस आंदोलन स्थल पर भी विद्यार्थियों की भीड़ बढऩे लगी है। अब यह भीड़ सैकड़ों और हजारों छात्रों के रूप में तब्दील हो गई है। हर दिन सुबह से लेकर रात तक और रात से लेकर सुबह तक इस स्थान पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एकत्र हो रहे हैं। विद्यार्थियों ने आंदोलन को उत्साह के स्थल के रूप में परिवर्तित कर दिया है। इस स्थान पर कल से ढोलक, झांझ और मंजीरे के साथ नारेबाजी और अपनी लड़ाई के समर्थन में गाने गाना भी शुरू कर दिया गया है।
पिछले कुछ दिनों की तरह कल भी इस स्थल पर विद्यार्थियों की भारी भीड़ जमा थी। बड़े जोश के साथ विद्यार्थियों ने गाना गाते हुए कहा कि लडऩा है भाई लडऩा है, यह तो लंबी लड़ाई है…। बार-बार विद्यार्थियों और शासन के बीच समझौता होने की चर्चा को नकारते हुए विद्यार्थियों ने गाना गया कि चालू छे चालू छे, हमारी लड़ाई चालू छे। ओए इंदौरी रोबिन जिंदल भी विद्यार्थियों की इस लड़ाई में भाग लेने के लिए पहुंचे। बोल जगीरा हल्ला बोल और तख्त बदल दो जैसे पुराने नारे भी कल आंदोलन के दौरान गूंजते नजर आए। देश में हैं 3 करोड़ बेरोजगार, कौन है इसका जिम्मेदार जैसे सवाल भी इस आंदोलन के दौरान उठाए गए। आंदोलन में भाग लेने वाले छात्रों के लिए खाने-पीने की कोई समस्या नहीं है। अब तक तो लोग बड़ी संख्या में खाद्य पदार्थ पहुंचाने वाली कंपनियों के माध्यम से ही सामान पहुंच रहे थे। अब तो लोग अपने घरों से बनाकर खाने का सामान बांटने के लिए भी इस आंदोलन स्थल पर आने लगे हैं। कल अशोकनगर में रहने वाली चंचल रोहित अग्रवाल नामक महिला अपने घर से 160 समोसे बनाकर आंदोलन स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने यह समोसे आंदोलनकारी छात्रों में बांटे। आंदोलन स्थल पर लोगों की बढ़ती भीड़ के कारण शासन और प्रशासन के कान भी खड़े हो गए हैं। प्रशासन द्वारा आंदोलन पर पूरी नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा शाम के समय ड्रोन के माध्यम से आंदोलन स्थल की स्थिति की रिकॉर्डिंग की जा रही है। अब तक विद्यार्थियों का जो आंदोलन केवल पुल के नीचे के स्थान पर चल रहा था, वह उस स्थान के साथ-साथ सडक़ के स्थान पर भी नजर आने लगा है।
आंदोलन में पहुंचे कांग्रेस के नेता
आंदोलन में हाथ सेंकने कांग्रेस के नेता भी भंवरकुआं चौराहे पर पहुंचे। इनमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपक जोशी पिंटू, अमन बजाज, दीपू यादव, शैलेष गर्ग, राजू भदौरिया, राजा चौकसे, लोकेश हार्डिया, इम्तियाज बेलिम आदि थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved