
इंदौर। संयुक्त सफाई कर्मचारी कामगार संघर्ष मोर्चा एवं वाल्मीकि सेना के बैनर तले इंजीनियर संतोष कल्याण के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर जारी आमरण अनशन और भूख हड़ताल मंगलवार को 12वें दिन भी जारी रही। लंबे समय से चल रहे इस आंदोलन के बावजूद अब तक न तो मध्य प्रदेश सरकार और न ही प्रशासन द्वारा आंदोलनकारियों की मांगों पर कोई ठोस पहल किए जाने से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
आंदोलन स्थल पर छात्रा वैदेही कल्याणे आंदोलन को अपना समर्थन देने पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी उपस्थित रहे और उन्होंने आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन किया। इस अवसर पर वैदेही कल्याणे ने कहा, “आपका यह संघर्ष व्यर्थ नहीं जाएगा। सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की इस लड़ाई में प्रदेश का युवा आपके साथ खड़ा है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हम आपके संघर्ष में सहभागी रहेंगे।”
कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि सरकार को सफाई कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर तत्काल गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार 12 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों की अनदेखी करना उचित नहीं है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे इंजीनियर संतोष कल्याण ने बताया कि सरकार और प्रशासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने घोषणा की है कि मंगलवार को वे नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे और सफाई कर्मचारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved