
गड्ढे, दूषित पेयजल और जलजमाव को लेकर अनूठा विरोध
इन्दौर। शहर (Indore) में गड्ढेदार सडक़ों (Potholed roads) , जलजमाव, दूषित पेयजल, मच्छरों का प्रकोप को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी (City Congress Committee) एवं मध्यप्रदेश राजीव विकास केंद्र द्वारा अनोखा और उग्र प्रदर्शन किया गया।
शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव व कमलेश पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के मुख्य द्वार से जनसुनवाई कक्ष तक दंडवत प्रणाम करते हुए निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के लगभग सभी 85 वार्डों एवं सभी विधानसभा में बारिश के कारण सडक़ें छलनी हो चुकी हैं। टिगरिया बादशाह, संगम नगर, छोटा बांगड़दा, केदार नगर, गीता नगर, सिरपुर, नगीन नगर, खजराना विनोबा नगर, लालाराम नगर, बड़ी ग्वालटोली, मूसाखेड़ी, पीपल्याहाना, सांईनाथ चौराहा, जबरन कालोनी, छत्रीपुरा, मल्हारगंज निरंजनपुर, विजय नगर सहित कई क्षेत्रों में सडक़ें गायब हैं और बड़े-बड़े गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। प्रशासन की लापरवाही से महीनों पहले खोदे गए गड्ढे आज तक नहीं भरे गए हैं। कीचड़ और दलदल मिटाने के नाम पर सडक़ों पर नुकीली गिट्टी और मिट्टी डाल दी गई है, जिससे वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, वही विभिन्न लाइन डालने के लिए बार-बार सडक़ें खोदी जा रही हैं। फिजूलखर्ची कर आम जनता का पैसा अपव्यय किया जा रहा हैं। नगर निगम में घोटाले ही घोटाले और भ्रष्टाचार भी हो रहा हैं। वाल्मीकि सेवा द्वारा रीगल चौराहे पर दिए जा रहे धरने का समर्थन करते हुए मांग की गई है कि नगर निगम में 5000 नए सफाई कर्मियों की भर्ती की जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved