
पन्ना। सोशल मीडिया पर रील्स और सेल्फी का खुमार एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां निगल गया। पन्ना जिले के सुप्रसिद्ध और खतरनाक पर्यटन स्थल ‘बृहस्पति कुंड’ में सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से 22 वर्षीय युवक सुखेंद्र गोंड सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। 24 घंटे चले बेहद जोखिम भरे सर्च ऑपरेशन के बाद SDERF की टीम ने आज युवक का शव बरामद कर लिया है।
रविवार दोपहर सुखेंद्र अपने दोस्तों के साथ कुंड घूमने आया था। बेहद खतरनाक किनारे पर सेल्फी लेते वक्त उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे उफनते पानी व पत्थरों के बीच जा समाया। पन्ना व सतना से बुलाई गई SDERF की विशेषज्ञ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला।
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासनिक लापरवाही को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने सुरक्षा पर तीखे सवाल उठाए हैं कि कुंड के खतरनाक किनारों पर पक्की बैरिकेडिंग क्यों नहीं है? जान जोखिम में डालकर वीडियो बनाने वालों पर सख्त पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं होती? बिना पूर्ण सुरक्षा मानकों के अधूरे प्रोजेक्ट्स चालू करके हादसों को दावत क्यों दी जा रही है?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved