
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रयागराज में एक छात्र से मुलाकात का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्र ने उनसे कहा कि उसके पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। राहुल ने बताया कि छात्र ने वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की, परिवार की जमीन तक बेच दी और माता-पिता पर कर्ज हो गया, लेकिन इसके बावजूद उसे सफलता नहीं मिली। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह छात्र की नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की हार है, जो उसकी मेहनत का उचित परिणाम देने में विफल रही। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के भविष्य को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
राहुल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि छात्र आंदोलनों को लेकर 13 दिन बीत जाने के बावजूद उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को इसका जवाब देना होगा। राहुल ने कहा कि छात्र देश की रोशनी हैं और वह पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े हैं। गौरतलब है कि जुलाई में परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली समेत कई जगह छात्रों ने प्रदर्शन किया था।
बीते दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रयागराज में छात्रों से संवाद किया था। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नफरत से नहीं, प्यार और मोहब्बत से सिस्टम को बदलना है। एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उद्यमी गौतम अदाणी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए केपी कॉलेज इंटर कॉलेज मैदान पर मौजूद हजारों छात्रों से उन्होंने कहा कि पूरा सिस्टम इन्हीं के हाथ में है और इस सिस्टम ने रोजगार खत्म कर दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved