
जींद। सामाजिक बुराइयों को खत्म करने और समाज में बढ़ती अव्यवस्था पर अंकुश लगाने के लिए जींद में नोगामा खाप की बैठक हुई। इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। बता दे कि जींद के रामराय गांव के चबूतरे पर नौगामा खाप के 21 गांवों के सर्व समाज की महापंचायत आयोजित हुई, जिसमें सामाजिक मुद्दों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
महापंचायत में फैसला लिया गया कि नौगामा खाप के 21 गांवों में यदि कोई युवक-युवती घर से भागकर शादी करता है तो ऐसे जोड़े को गांव में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पंचायत ने यह निर्णय सर्व समाज की आपसी सहमति से लिया है। खाप का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य समाज में बढ़ रही सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाना और परिवारों के बीच संवाद एवं सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।
महापंचायत में शादी-विवाह समारोहों में अश्लील, असभ्य और आपत्तिजनक गाने बजाने पर भी रोक लगाने का फैसला लिया गया। पंचायत के अनुसार, विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में मर्यादा और संस्कारों का ध्यान रखा जाना चाहिए। नोगामा खाप ने यह भी निर्णय लिया कि यदि कोई परिवार खाप के सामूहिक फैसलों के खिलाफ जाता है तो पहले परिवार के सदस्यों को समझाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बावजूद यदि परिवार निर्णय की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ सामाजिक स्तर पर फैसला लिया जाएगा।
इसके साथ ही खाप की ओर से लव मैरिज और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे मामलों में माता-पिता की सहमति को जरूरी किए जाने का सुझाव सरकार के सामने रखने की बात कही गई है। खाप का कहना है कि ऐसे मामलों में परिवार की सहमति और उनकी भूमिका सुनिश्चित होने से भविष्य में होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।
वहीं नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान ने कहा कि रामराय में हुई महापंचायत में 21 गांवों के सर्व समाज ने मिलकर ये फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि इन फैसलों को हरियाणा की अन्य खापों और सामाजिक संगठनों तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि समाज में बढ़ रही बुराइयों को रोकने के लिए सामूहिक स्तर पर पहल की जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved