
लखनऊ। राम मंदिर ट्रस्ट (Ram Mandir Trust) में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 11 अगस्त से शुरू हुआ इंटरव्यू का दौर 12 अगस्त तक चलेगा। देशभर से इस पद के लिए 5,300 से अधिक आवेदन मिले थे, जिनमें से 18 योग्य उम्मीदवारों (Candidates) को इंटरव्यू (Interview) के लिए चुना गया है। मंगलवार को 10 पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों का इंटरव्यू हुआ, जबकि बाकी 8 उम्मीदवारों का इंटरव्यू बुधवार को होगा।
इंटरव्यू अयोध्या राम मंदिर परिसर के उत्तरी हिस्से में बने ग्रीन हाउस में आयोजित किया गया। पहले दिन तीन पूर्व IAS अधिकारी, एक रिटायर्ड IPS अधिकारी और सेना व शिक्षा क्षेत्र से जुड़े चार अनुभवी अधिकारियों ने इंटरव्यू दिया।
दो सेशन में हुआ इंटरव्यू
मंगलवार को 18 में से 10 उम्मीदवारों का आमने-सामने इंटरव्यू हुआ। इनमें चार पूर्व IAS अधिकारी शामिल रहे। प्रक्रिया सुबह 9 बजे शुरू हुई और दो सेशन में चली। पहला सेशन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चला। प्रत्येक उम्मीदवार से करीब 25 से 30 मिनट तक बातचीत की गई।
पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं और उनका इंटरव्यू बुधवार को होना है। वह यूपी STF के संस्थापक सदस्यों में रहे हैं और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर भी जाने जाते हैं। माफिया श्रीप्रकाश शुक्ला का एनकाउंटर राजेश पांडेय ने ही किया था। वर्तमान में वह लखनऊ के अलीगंज स्थित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर के सचिव हैं।
पूर्व IAS योगेश्वर मिश्रा का नाम भी चर्चा में
पूर्व IAS अधिकारी योगेश्वर मिश्रा भी CEO पद के संभावित उम्मीदवारों में हैं। वह फैजाबाद के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इंटरव्यू के दौरान चयन समिति के तीनों सदस्य, उम्मीदवार और राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन मौजूद रहे।
आस्था और निजी आदतों तक पहुंचे सवाल
इंटरव्यू से पहले उम्मीदवारों से करीब तीन दर्जन सवालों वाला ऑनलाइन Google Form भरवाया गया था। इसके बाद आमने-सामने की बातचीत में उनके प्रशासनिक अनुभव, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के संचालन और राम मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की योजनाओं से जुड़े सवाल किए गए।
उम्मीदवारों से राम मंदिर और भगवान श्रीराम के प्रति उनकी आस्था की गहराई को भी परखा गया। धार्मिक संस्थानों के संचालन के पुराने अनुभव और मंदिर प्रबंधन को लेकर उनके विजन पर भी सवाल पूछे गए।
सीवी में दर्ज जानकारियों के अलावा उम्मीदवारों की पसंद-नापसंद से जुड़े सवाल भी किए गए। उनसे पूछा गया कि वे शिखा रखते हैं या नहीं, जनेऊ पहनते हैं या नहीं और शुद्ध शाकाहारी हैं या मांसाहारी। इसके अलावा शराब पीने और हिंदू धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पोशाक पहनने में सहज होने से जुड़े सवाल भी पूछे गए। उम्मीदवारों से उनके परिवार और बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन से जुड़े अनुभवों की जानकारी भी मांगी गई।
2 सितंबर तक देना होगा तीन नामों का पैनल
CEO पद के लिए इंटरव्यू का अगला दौर बुधवार को जारी रहेगा। चयन समिति को 2 सितंबर तक तीन नामों का पैनल राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपना है। इसके बाद ट्रस्ट की कार्यकारी समिति इन तीन उम्मीदवारों में से एक का चयन करेगी और राम मंदिर के CEO के नाम का ऐलान किया जाएगा।
राम मंदिर का CEO ट्रस्ट का सर्वोच्च कार्यकारी अधिकारी होगा। उसके जिम्मे मंदिर से जुड़े प्रशासनिक, वित्तीय, कानूनी और सुरक्षा मामलों के साथ श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं से जुड़े अहम फैसले होंगे।
राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट ने CEO नियुक्त करने का फैसला किया है। CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय विशेष समिति गठित की गई है। इसमें रिटायर्ड जज प्रमोद कोहली, पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावड़े और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved