
उज्जैन। शहर में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने आनंद नगर क्षेत्र से करीब 71 किलो पनीर का नमूना लिया है, जिसकी कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई जा रही है। गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर पनीर को जांच रिपोर्ट आने तक सुरक्षित रखवा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि इन दिनों विभाग का विशेष ध्यान एनालॉग पनीर और एनालॉग मावा पर है। इसी के तहत अलग-अलग स्थानों पर जांच कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से भी पनीर के नमूने लिए गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस्तेमाल किया जा रहा पनीर शुद्ध है या उसमें किसी तरह की मिलावट अथवा दूसरे वसा पदार्थों का उपयोग किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक एनालॉग पनीर में दूध की प्राकृतिक वसा की जगह वनस्पति वसा या पाम ऑयल जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि इसे सिर्फ देखकर या सूंघकर निश्चित तौर पर पहचानना संभव नहीं है। पनीर एनालॉग है या शुद्ध, इसकी सही जानकारी प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए ऐसी जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved