
- तिलकेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश व कावड़ यात्रा आयोजित
महिदपुर। धर्म और आस्था की नगरी ग्राम बिनपुरा में तिलकेश्वर महादेव मंदिर से एक विशाल एवं ऐतिहासिक कलश व कावड़ यात्रा पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। श्रावण-भाद्रपद मास के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंगों में रंगा नजर आया।
तिलकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं और कावडिय़ों के भव्य एकत्रीकरण के साथ हुआ। मंदिर परिसर में आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिविधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके पश्चात कावडिय़ों ने पवित्र जल उठाया और ‘जय भोलेनाथ’, ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों के साथ यात्रा ग्राम सरपंच राकेश आंजना के निर्देशन में प्रारंभ हुई। कावड़ एवं कलश यात्रा ने जैसे ही नगर में प्रवेश किया, संपूर्ण नगरवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर यात्रा का स्वागत किया। नगर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह मंच बनाकर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। सामाजिक संगठनों और धर्मप्रेमी जनता द्वारा यात्रा में शामिल शिवभक्तों के लिए शीतल जल, जलपान और फलाहार की विशेष व्यवस्था की गई थी। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर मंगल कलश धारण कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। वहीं, युवाओं और पुरुषों ने कंधे पर कावड़ उठाकर ‘बम-बम भोलेÓ के भजनों पर झूमते हुए शिवभक्ति का परिचय दिया। नगर के सभी प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होती हुई यह विशाल यात्रा अपने अंतिम पड़ाव अति प्राचीन बैजनाथ महादेव मंदिर पहुँची। मंदिर प्रांगण में शिवभक्तों ने तिलकेश्वर महादेव मंदिर से लाए गए पवित्र जल से भगवान बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक किया। अंत में महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ इस ऐतिहासिक धार्मिक यात्रा का सफलतापूर्वक समापन हुआ।